


रामपुर। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खान ने रामपुर जेल में बंद होने के दौरान मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ ही पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा और छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम ने भी ट्रस्ट के सभी आधिकारिक पदों से अपना त्याग पत्र सौंपा।
आजम खान के इस्तीफे के बाद ट्रस्ट की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। अब ट्रस्ट की अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी उनकी बहन निकहत अफलाक को दी गई है, जबकि बड़े बेटे अदीब आजम को ट्रस्ट का सचिव बनाया गया है।
आजम खान का ड्रीम प्रोजेक्ट
मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट आजम खान का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता है। ट्रस्ट जौहर यूनिवर्सिटी और रामपुर के पब्लिक स्कूलों का संचालन करता है। पहले आजम खान ट्रस्ट के अध्यक्ष थे, डॉ. तंजीन फातिमा सचिव और उनके दोनों बेटे सदस्य थे।
इस्तीफे का कारण
आजम खान और उनके परिवार पर कई कानूनी मामलों का दबाव है। डबल पैन कार्ड मामले में आजम खान और अब्दुल्ला आजम वर्तमान में रामपुर जेल में बंद हैं। कानूनी शिकंजे और जेल में बंद रहने के कारण ट्रस्ट के संचालन में कठिनाइयाँ आ रही थीं। इसी को देखते हुए आजम खान ने पत्नी और बेटे के साथ मिलकर ट्रस्ट से अलग होने का निर्णय लिया।
रजिस्ट्रार का बयान
मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डा. एसएन सलाम ने कहा कि ट्रस्ट की नई कार्यकारिणी गठित कर दी गई है। अब ट्रस्ट के अध्यक्ष निकहत अफलाक हैं और सचिव के रूप में अदीब आजम कार्यभार संभालेंगे।


