Thursday, May 14

This slideshow requires JavaScript.

बेऊर जेल में गांजा-स्मैक की सप्लाई का भंडाफोड़, ‘बंदरबाजी’ स्टाइल ने पुलिस को भी हैरान कर दिया

 

This slideshow requires JavaScript.

 

पटना। बेऊर थाना पुलिस ने बेऊर जेल के भीतर गांजा और स्मैक की आपूर्ति करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास भारी मात्रा में मादक पदार्थ और नकद राशि बरामद हुई।

 

जेल के भीतर कैदी विक्की कुमार इस सप्लाई का मुख्य सूत्रधार था। जांच में पता चला कि यह गिरोह पटना और आसपास के इलाकों से मादक पदार्थ जुटाकर जेल में सप्लाई करता था। विक्की कुमार पर 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

 

जेल की छतों से फेंकते थे नशा

पुलिस के अनुसार, गिरोह ने जेल के बगल के मकानों की ऊंची छतों का इस्तेमाल कर ‘बंदरबाजी स्टाइल’ में मादक पदार्थ जेल परिसर में फेंकते थे। कैदी तय की गई जगह पर पहले से मौजूद रहते थे और उन्हें सप्लाई पहुंचाई जाती थी। इस मामले में पुलिस ने जेल प्रशासन को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की सिफारिश की है।

 

दुल्हिनबाजार से कनेक्शन

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि लाल भदसारा निवासी धनंजय गांजा सप्लाई करता था। इसके बाद धनंजय को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं, बेऊर जेल के पास जितेंद्र के घर की ऊंची छत से भी गांजा जेल के अंदर फेंका जाता था। पुलिस ने जितेंद्र को हिरासत में लिया, जिसने आपूर्ति की बात स्वीकार की।

 

सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह ने बताया कि जेल के अंदर और बाहर इस तरह के आपराधिक गिरोह की कड़ी निगरानी रखी जा रही है। गिरोह के गिरफ्तार होने से जेल परिसर में मादक पदार्थ की सप्लाई पर रोक लगने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply