Friday, January 16

‘काम करने वाला ही आगे बढ़ेगा, परिक्रमा से नहीं चलेगा संगठन’ — पंकज चौधरी

 

This slideshow requires JavaScript.

 

लखनऊ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि संगठन में आगे बढ़ने का रास्ता केवल मेहनत और समर्पण से होकर जाता है, चापलूसी और परिक्रमा से नहीं। उन्होंने कहा कि पार्टी में हर कार्यकर्ता के काम की समीक्षा होगी और जो जिम्मेदारी निभाएगा, वही आगे बढ़ेगा।

 

गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में पंकज चौधरी ने पार्टी के मोर्चा, प्रकोष्ठ और विभागों के पदाधिकारियों से विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में पूरी निष्ठा से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर घर तक पहुंचकर अधिक से अधिक नए मतदाता जोड़ने और संगठनात्मक कार्य को पूरी ईमानदारी से करने को कहा।

 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की मजबूती में मोर्चा, विभाग और प्रकोष्ठों की अहम भूमिका होती है। कोई भी दायित्व छोटा या बड़ा नहीं होता। कार्यकर्ता अपनी मेहनत, अनुशासन और संगठनात्मक कौशल से पार्टी और समाज में पहचान बनाते हैं।

 

2027 की ऐतिहासिक जीत का लक्ष्य

 

पंकज चौधरी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाने का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी को 2017 से भी बड़ी और ऐतिहासिक जीत हासिल करनी है। इसके लिए हर कार्यकर्ता को संपर्क, संवाद और सेवा के भाव से जनता के बीच काम करना होगा।

 

विपक्ष के झूठ का तथ्यों से जवाब दें

 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह झूठ, भ्रम व दुष्प्रचार के सहारे जनता को गुमराह कर रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं को तथ्यों और सच्चाई के साथ इस दुष्प्रचार का जवाब देना होगा।

 

योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंचाने पर जोर

 

उन्होंने कार्यकर्ताओं से वीबी-जीरामजी योजना सहित सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित और विचारधारा प्रधान संगठन है, जिसमें मोर्चा, विभाग और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता पार्टी और समाज के बीच सेतु का कार्य करते हैं।

 

Leave a Reply