
लखनऊ। प्रदेश में ठंड अभी विदा होने के मूड में नहीं है। जाते-जाते सर्दी अपना पूरा असर दिखा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने वाली है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि 19 और 20 जनवरी को बारिश की संभावना जताई गई है। इससे ठंड के साथ सर्द हवाएं चलने और गलन बढ़ने के आसार हैं।
राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में सुबह और शाम को कोहरा परेशानी बढ़ा रहा है। दोपहर में धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिल रही है, लेकिन रात होते ही ठंड फिर से हड्डियां कंपाने लगती है। बीते कुछ दिनों से दिन और रात के तापमान में भारी अंतर देखने को मिल रहा है, जिससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। डॉक्टरों ने खासकर बुजुर्गों, बच्चों और मौसम के प्रति संवेदनशील लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
लखनऊ में बुधवार की रात इस सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं गुरुवार को दिन में तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन और रात के तापमान में 15 डिग्री से अधिक का अंतर लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र, अमौसी के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आसमान साफ रहने और कोहरे की परत पूरी तरह न जम पाने के कारण दिन में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जबकि सूर्यास्त के बाद रात में उतनी ही तेजी से गिरावट आ रही है। इसी वजह से तापमान में यह बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार से घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। साथ ही हवा चलने से ठिठुरन और बढ़ सकती है। हालांकि वैज्ञानिकों का कहना है कि इस मौसम का फसलों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा, लेकिन आम लोगों के लिए यह स्थिति थोड़ी कष्टदायक जरूर बनी रहेगी।