
नई दिल्ली: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में महाराष्ट्र और मुंबई के बीच खेले गए मुकाबले में भारत के तीनों फॉर्मेट के खिलाड़ी पृथ्वी शॉ ने अपनी धाकड़ बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया। खास बात यह रही कि शॉ पहले मुंबई की ओर से खेलते थे, लेकिन अब महाराष्ट्र की जर्सी में खेलते हुए उन्होंने अपनी पुरानी टीम के खिलाफ ताबड़तोड़ प्रदर्शन किया।
मुंबई के खिलाफ शॉ ने ओपनिंग करते हुए मात्र 75 गेंदों में 71 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 94.67 रहा और इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 1 छक्का जड़ा। शॉ की शानदार पारी की मदद से महाराष्ट्र ने 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 366 रन बनाकर मैच में अपनी पकड़ मजबूत की।
शॉ के ओपनिंग जोड़ीदार अर्शिन कुलकर्णी ने शानदार शतकीय पारी खेली और 114 गेंद में 114 रन बनाए। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने भी तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 66 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं, पांचवें नंबर पर उतरे रामकृष्ण घोष ने मात्र 27 गेंद में 64 नाबाद रन बनाकर टीम की पारी को और मजबूती दी, जिसमें उन्होंने 5 छक्के और 3 चौके लगाए।
इसी बीच, आईपीएल की तैयारियों में भी शॉ ने अपनी जगह पक्की कर ली है। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 75 लाख रुपये के बेस प्राइस पर IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में फिर से खरीदा है। शॉ ने 2018 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए IPL डेब्यू किया था और अब वह एक बार फिर अपनी पुरानी टीम के साथ लौट आए हैं।
मुंबई के खिलाफ इस धमाकेदार प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि IPL 2026 में पृथ्वी शॉ की बल्लेबाजी एक बार फिर दर्शकों के लिए रोमांचक पल लेकर आएगी।