Monday, December 29

फतेहपुर में मानवता शर्मसार: 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, बेहोशी की हालत में छोड़ा

 

This slideshow requires JavaScript.

 

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव में 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद महिला को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ठंड भरी रात में करीब दो घंटे तक बेसुध पड़ी रही।

 

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

 

 

रात में अकेली गई थी शौच के लिए

 

जानकारी के अनुसार, पीड़िता गांव में अकेली रहती है। उसके तीनों बेटे बाहर रहकर ईंट भट्ठों में मजदूरी करते हैं। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे बुजुर्ग महिला गांव के बाहर शौच के लिए गई थी।

इसी दौरान पीछे से आए एक नकाबपोश युवक ने उसे दबोच लिया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसका मुंह दबाकर जबरन दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।

 

 

दो घंटे बाद आया होश, किसी तरह पहुंची घर

 

घटना के बाद महिला मौके पर ही बेहोश हो गई। करीब दो घंटे बाद जब होश आया, तो वह किसी तरह लड़खड़ाते हुए अपने घर पहुंची और पड़ोस की महिलाओं को आपबीती सुनाई।

सूचना मिलते ही पीड़िता के बेटे रविवार सुबह गांव पहुंचे और थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

 

 

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

 

पुलिस ने महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़िता की हालत को देखते हुए चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है।

 

 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

 

थरियांव थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता के बेटे की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply