Monday, December 1

लाड़ली बहनों को अब मिलेंगे ₹1500 प्रतिमाह, किसानों को 13 नवंबर को मिलेगा भावांतर का लाभ — मोहन कैबिनेट की बड़ी घोषणाएं

भोपाल से विशेष रिपोर्ट

मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ने सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में आम जनता और किसानों के लिए कई अहम फैसले लिए। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की। इस दौरान सरकार ने लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर ₹1500 प्रति माह करने को मंजूरी दे दी है। साथ ही किसानों के लिए राहत की घोषणा करते हुए बताया गया कि भावांतर योजना की राशि 13 नवंबर को सीधे किसानों के खातों में जमा की जाएगी।

👉 लाड़ली बहनों के खाते में आएंगे ₹1500
मध्यप्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों को अब हर महीने ₹1500 की आर्थिक सहायता मिलेगी। अब तक इस योजना के तहत राज्य सरकार ₹44,000 करोड़ रुपए की राशि लाभार्थी बहनों तक पहुंचा चुकी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव 12 नवंबर को सिवनी से राशि ट्रांसफर करेंगे।

👉 किसानों को 13 नवंबर से भावांतर का भुगतान
उद्योग मंत्री चैतन्य काश्यप ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि भावांतर भुगतान योजना के तहत किसानों को 13 नवंबर से भुगतान किया जाएगा। इस योजना के लिए मॉडल रेट ₹4036 प्रति क्विंटल तय किया गया है। मंत्री ने बताया कि “अब रोज़ाना नया रेट निकलेगा ताकि किसानों को फसल के वास्तविक मूल्य का उचित लाभ मिल सके।”

👉 विकास परियोजनाओं पर भी कैबिनेट की मुहर
बैठक में खंडवा जिले के मंधाता में सिविल न्यायालय की स्थापना को मंजूरी दी गई। इसके लिए 7 नए पद सृजित होंगे। वहीं, ओंकारेश्वर में एकात्म धाम परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब इस परियोजना की पुनरीक्षित लागत ₹2424 करोड़ रुपए होगी, जो पहले की तुलना में ₹228 करोड़ अधिक है।

👉 सभी सरकारी भवनों पर लगेंगे सोलर प्लांट
राज्य सरकार ने सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया है। निर्णय लिया गया है कि सभी शासकीय भवनों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। प्रारंभिक चरण में जिला मुख्यालयों पर 20 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट लगाए जाएंगे।

👉 महिला क्रिकेटर को एक करोड़ की सम्मान राशि
कैबिनेट बैठक में प्रदेश की गौरवशाली महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि देने की घोषणा की गई।

👉 पीएम मोदी जुड़ेंगे बिरसा मुंडा जयंती से
मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि इस बार सरकार बिरसा मुंडा जयंती को भव्य रूप से मनाएगी। जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली शामिल होंगे।

👉 सीएम मोहन यादव का गुजरात दौरा
मुख्यमंत्री मोहन यादव मंगलवार को गुजरात के केवड़िया में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के 70 कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे।

Leave a Reply