
मुंबई। रिएलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ समाप्त हो चुका है, लेकिन उससे जुड़े विवाद अभी भी सुर्खियों में बने हुए हैं। शो के पूर्व प्रतियोगी और गायक अमल मलिक ने एक बार फिर तान्या मित्तल के समर्थकों पर खुलकर निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए लंबे पोस्ट में अमल ने तान्या के फैनडम को जाहिल, गंवार, लूजर और फेक स्पिरिचुअल बताते हुए उन पर पेड पीआर चलाने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स लगातार अमल मलिक से तान्या मित्तल से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग कर रहे थे। अमल का कहना है कि वे शो के दौरान कही गई बातों के लिए पहले ही निजी तौर पर और सार्वजनिक रूप से सभी प्रतियोगियों से माफी मांग चुके हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शो से बाहर आने के बाद उनका पहला ट्वीट तान्या के समर्थन में ही था।
अमल मलिक ने अपने पोस्ट में नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि उनके मैनेजर, परिवार और दोस्तों को बेवजह निशाना बनाया जा रहा है, जबकि वे शो का हिस्सा ही नहीं थे। उन्होंने कहा कि यह सब दर्शाता है कि एक खास फैनडम किस तरह से संगठित होकर ट्रोलिंग और पीआर का सहारा ले रहा है।
गायक ने व्यंग्यात्मक लहजे में लिखा कि उनकी “बहन वाली टिप्पणी” के बाद यह मुद्दा खत्म हो जाना चाहिए था, लेकिन तान्या का फैनडम अब भी अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनके और तान्या के बीच दोस्ती के अलावा कोई अन्य भावना नहीं है और सिर्फ इसलिए कि वे अपने प्रशंसकों को संयम बरतने की सलाह दे रहे हैं, इसका मतलब यह नहीं कि वे अपमान या बकवास बर्दाश्त करेंगे।
अमल ने आगे लिखा कि किसी कलाकार की जीत या हार को फैनडम को स्वीकार करना चाहिए और शो खत्म होने के बाद भी उसी मानसिकता में फंसे रहना गलत है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनके निजी रिश्ते, दोस्ती या पेशेवर फैसलों पर किसी भी फैनडम का कोई अधिकार नहीं है।
अपने पोस्ट के अंत में अमल मलिक ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्हें मजबूर होकर खुद कार्रवाई करनी पड़ी, तो इसके परिणाम पसंद नहीं आएंगे। उन्होंने फैनडम से दूरी बनाए रखने और ड्रामा बंद करने की अपील की।
अमल के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कुछ यूजर्स ने उनके बयान का समर्थन किया, जबकि कुछ ने इसे जरूरत से ज्यादा आक्रामक बताया। कई लोगों का कहना है कि ऐसा लग रहा है मानो ‘बिग बॉस’ की लड़ाई अब शो से बाहर और भी ज्यादा तीखी हो गई है।