Monday, June 29

This slideshow requires JavaScript.

‘पतली कमरिया मोरी हाय-हाय’… शहडोल में जिस हॉस्टल से छात्राएं लापता, उसी क्लासरूम में शिक्षिका की रीलबाजी

 

This slideshow requires JavaScript.

 

 

शहडोल। जिले के सोहागपुर ब्लॉक स्थित माता शबरी शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, कंचनपुर एक बार फिर विवादों में घिर गया है। जिस छात्रावास से हाल ही में दो छात्राएं लापता हुई हैं, उसी परिसर के क्लासरूम में एक शिक्षिका छात्राओं के साथ फिल्मी गाने पर रील बनाती नजर आ रही हैं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिक्षा व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

स्कूल ड्रेस में छात्राएं, क्लासरूम में रील

 

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में क्लासरूम के भीतर मौजूद हैं और एक महिला शिक्षिका उनके साथ ‘पतली कमरिया मोरी हाय-हाय’ गाने पर डांस करती दिखाई दे रही हैं। शैक्षणिक परिसर में इस तरह की गतिविधि को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब शिक्षक ही अनुशासन तोड़ेंगे, तो छात्राओं पर इसका गलत असर पड़ना तय है।

 

दो छात्राएं अब भी लापता

 

गौरतलब है कि इसी परिसर से 28 दिसंबर को कक्षा 12वीं की एक छात्रा हॉस्टल से मामा के साथ घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। इस मामले में तत्कालीन हॉस्टल अधीक्षिका की शिकायत पर सोहागपुर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था।

इस मामले की जांच अभी जारी ही थी कि 8 जनवरी को कक्षा 10वीं की एक और छात्रा लापता हो गई। छात्रा अपने नाना और दो सहेलियों के साथ हॉस्टल आई थी। सहेलियां अंदर चली गईं, जबकि छात्रा बहन को बाहर छोड़ने की बात कहकर निकली और फिर वापस नहीं लौटी।

 

प्रबंधन में मचा हड़कंप

 

रोल कॉल के दौरान छात्रा की अनुपस्थिति सामने आने पर प्रबंधन में हड़कंप मच गया। इसके बाद प्रिंसिपल देवेंद्र श्रीवास्तव ने सोहागपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दूसरे मामले में भी अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

प्रशासन का बयान

 

इस पूरे मामले पर शहडोल के सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा ने कहा कि संभव है वीडियो 26 जनवरी की तैयारी के दौरान का हो, लेकिन मामला संज्ञान में आने के बाद इसकी गंभीरता से जांच कराई जाएगी और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

 

सवालों के घेरे में शिक्षा परिसर

 

एक ओर छात्रावास से छात्राओं के गायब होने की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर शिक्षिका का यह वायरल वीडियो पूरे शिक्षा परिसर की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारी पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रहा है।

 

Leave a Reply