सागर में कार से बरामद 3.98 करोड़ नकद, हवाला कारोबार की आशंका, इनकम टैक्स जांच में जुटा
सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले में पुलिस ने एक कार से करीब 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम कथित तौर पर हवाला नेटवर्क से जुड़ी हुई बताई जा रही है और इसे मुंबई ले जाने की योजना थी। पुलिस ने इस सिलसिले में दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जबकि इनकम टैक्स विभाग मामले की गहराई से जांच कर रहा है।
कैसे हुई बरामदगी:मोतीनगर थाना पुलिस ने मंगलवार रात ग्राम रतौना के पास एक महाराष्ट्र पासिंग कार को रोका। कार की तलाशी लेने पर सीट के नीचे बने गुप्त डिब्बे से कुल 3 करोड़ 98 लाख रुपये नकद मिले। पुलिस के अनुसार, नोटों की गड्डियां 500 और 200 रुपये के थीं।
मुखबिर से मिली थी सूचना:पुलिस को मुखबिर से खबर मिली थी कि कटनी से बड़ी मात्रा में नकदी महाराष्ट्र भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रतौना क्षेत्र में नाकाबंदी की और संदिग्ध कार को रोका। कार में सवार दो लोगों को हिरासत में लिया गया।
...









