तीन साल से अधूरी 27.24 करोड़ की सड़क, तुलसी नगर से वसुंधरा कॉम्प्लेक्स तक धूल-धुआं और खतरे का रास्ता
इंदौर। शहर के पश्चिमी हिस्से का एक अहम संपर्क मार्ग—महालक्ष्मी नगर–तुलसी नगर से स्कीम नंबर 134 स्थित वसुंधरा कॉम्प्लेक्स तक बनने वाली 100 फीट चौड़ी मास्टर प्लान रोड—पिछले तीन वर्षों से अधूरी पड़ी है। 27.24 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जा रही इस सड़क पर न तो आईडीए प्रशासन जिम्मेदारी दिखा रहा है और न ही ठेकेदार काम को समय पर पूरा कर पा रहे हैं।नतीजा, रोजाना हजारों रहवासी धूल, धुआं और खतरे के बीच से गुजरने को मजबूर हैं।
तुलसी नगर से बीसीएम पैराडाइज तक लटका काम
तुलसी नगर पुलिया से बीसीएम पैराडाइज चौराहे तक सड़क निर्माण का काम वर्षों से ठप है।
नाले के ऊपर बनने वाली रेलिंग
और सुरक्षा के लिए जरूरी रिटेनिंग वॉल
दोनों का काम एक साल से अधूरा पड़ा है। मौजूदा एक लेन की टूटी-फूटी सड़क और चारों ओर फैली धूल ने पूरे मार्ग को खतरनाक बना दिया है।
धूल का गुबार, सांस की परेशानी—जीवन दूभर
...









