शक्सगाम घाटी पर भारत-चीन विवाद: पाकिस्तान का रोल भी बना सवाल
लद्दाख की शक्सगाम घाटी को लेकर भारत और चीन के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। भारत स्पष्ट कर चुका है कि यह क्षेत्र उसका अभिन्न हिस्सा है, जबकि फिलहाल यह अवैध रूप से चीन के कब्जे में है। हाल ही में चीन ने घाटी पर अपना आधिकारिक दावा दोहराया और वहां निर्माण कार्यों को लेकर भारत की आपत्तियों की अनदेखी की।
चीन ने शक्सगाम घाटी में बुनियादी ढांचे के निर्माण का बचाव करते हुए कहा कि यह क्षेत्र 'चीन का है' और यहां किसी भी निर्माण में कोई समस्या नहीं है। चीन अपने दावे के समर्थन में 1960 के दशक में पाकिस्तान के साथ हुए सीमा समझौते का हवाला दे रहा है। जबकि भारत ने इस समझौते को कभी स्वीकार नहीं किया और बार-बार यह कहा कि पाकिस्तान कश्मीर का कोई भी हिस्सा दूसरों को हस्तांतरित नहीं कर सकता।
शक्सगाम घाटी की रणनीतिक स्थिति अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह काराकोरम दर्रे और सियाचिन ग्लेशियर के बेहद पास स्थित है। ...









