Saturday, June 13

This slideshow requires JavaScript.

तुलसी नगर के विकास कार्यों को मिलेगी गति, महापौर से मिले रहवासी; पेयजल, ड्रैनेज और सड़क निर्माण पर मिला आश्वासन

कार्यों में देरी हुई तो होगा बड़ा जनआंदोलन : रहवासी

इंदौर। शहर की प्रमुख आवासीय कॉलोनियों में शामिल तुलसी नगर के विकास कार्यों और वर्षों से लंबित आधारभूत सुविधाओं को लेकर रहवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कॉलोनी की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा तथा उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।

This slideshow requires JavaScript.

रहवासियों ने ज्ञापन के माध्यम से कॉलोनी में स्वच्छ पेयजल एवं नर्मदा जल आपूर्ति की स्थायी व्यवस्था, जर्जर हो चुकी ड्रैनेज प्रणाली के पुनर्निर्माण, शेष भूखंडों के नियमितीकरण, गौ उद्यान निर्माण तथा विकास शुल्क की राशि के पारदर्शी और जनहितकारी उपयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने रहवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि तुलसी नगर में नई ड्रैनेज लाइन के निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिसका संपूर्ण व्यय शासन द्वारा वहन किया जाएगा।

महापौर ने कहा कि कॉलोनी की आंतरिक सड़कों का निर्माण जनसहयोग मॉडल के तहत किया जाएगा, जिसमें कुल लागत का 30 प्रतिशत हिस्सा रहवासियों द्वारा तथा 70 प्रतिशत राशि नगर निगम द्वारा वहन की जाएगी। इसके अलावा विधायक निधि से स्वीकृत मुख्य सड़क निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।

पेयजल व्यवस्था के संबंध में उन्होंने बताया कि नर्मदा जल प्रदाय की चतुर्थ चरण योजना के अंतर्गत संपूर्ण तुलसी नगर को शामिल किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में अभी पाइपलाइन नहीं पहुंची है, वहां नई पाइपलाइन बिछाकर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में शेष भूखंडों के नियमितीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर महापौर ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीति के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा शासन स्तर पर सकारात्मक सहयोग के लिए अनुशंसा भेजी जाएगी। वहीं, क्षेत्र में प्रस्तावित गौ उद्यान निर्माण कार्य को भी शीघ्र प्रारंभ करने का आश्वासन दिया गया।

बैठक में महापौर के साथ एमआईसी सदस्य राजेश उदावत, जलकार्य प्रभारी बबलू शर्मा तथा महेश जोशी भी उपस्थित रहे।

रहवासियों के प्रतिनिधिमंडल में राजेश तोमर, संजय यादव, राकेश जायसवाल, शिव बहादुर सिंह, प्रवीण मालवीय, महेश सेंगर, हरिराम नामदेव, अमोल पाटिल, हरिनारायण, रामकृष्ण पटेल, श्रीमती शारदा सिंह, श्रीमती गीता मिश्रा, श्रीमती ज्योति ठक्कर एवं रामचंदानी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद थे।

बैठक के बाद रहवासियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तुलसी नगर के विकास से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों पर यदि जल्द अमल नहीं किया गया और कार्यों में अनावश्यक देरी हुई, तो कॉलोनीवासी व्यापक जनहित आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।

विकास कार्यों को लेकर बढ़ी उम्मीद

महापौर द्वारा दिए गए आश्वासनों के बाद तुलसी नगर के रहवासियों में विकास कार्यों के शीघ्र शुरू होने की उम्मीद जगी है। हालांकि, रहवासियों का कहना है कि वे अब केवल आश्वासनों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों पर विश्वास करेंगे और विकास कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखेंगे।

Leave a Reply