Wednesday, May 6

‘या तो हाईवे बनाओ, या टोल हटाओ’: ग्वालियर के बरेठा टोल प्लाजा पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पर्ची छोड़ फरार हुए हमलावर

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोमवार शाम नेशनल हाईवे 719 स्थित बरेठा टोल प्लाजा गोलियों की गूंज से दहल उठा। बाइक सवार दो युवकों ने टोल बूथ पर पहुंचकर पहले एक पर्ची सौंपी और फिर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कुछ ही सेकंड में अफरातफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

This slideshow requires JavaScript.

घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र की है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पर्ची थमाते ही बरसाईं गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भिंड की ओर से आए दो युवक बाइक पर सवार थे। एक युवक हेलमेट पहने हुए था ताकि पहचान छिपी रहे। वह सीधे बूथ नंबर-7 पर पहुंचा, जहां सुपरवाइजर रोहित कुमार ड्यूटी पर तैनात थे।

हमलावर ने रोहित कुमार को एक पर्ची देते हुए कहा कि इसे मैनेजर तक पहुंचा दें। रोहित कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी।

सतर्कता दिखाते हुए रोहित कुमार जमीन पर झुक गए, जिससे उनकी जान बच गई। कुछ ही क्षणों में दोनों आरोपी बाइक से ग्वालियर की दिशा में फरार हो गए।

पर्ची में चेतावनी: ‘हाईवे बनाओ या टोल हटाओ’

हमलावर द्वारा छोड़ी गई पर्ची में लिखा था— “या तो हाईवे बनाओ, या टोल हटाओ।”

पर्ची में भिंड से ग्वालियर तक करीब 80 किलोमीटर के मार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और मौतों का जिक्र किया गया। ‘आकाश भदौरिया’ नामक व्यक्ति की मौत का हवाला देते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो इससे भी बड़ा कदम उठाया जाएगा।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में हमलावर का बेखौफ अंदाज साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि हेलमेट के कारण उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस वाहन के नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही उस सड़क दुर्घटना की भी जांच की जा रही है, जिसका जिक्र पर्ची में किया गया है।

ग्वालियर-चंबल में बढ़ती आपराधिक घटनाएं

हाल के दिनों में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में सरेआम फायरिंग और आपराधिक घटनाओं के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसी घटनाएं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।

Leave a Reply