Tuesday, February 24

क्या अलग हो जाएंगी पवन सिंह और ज्योति सिंह की राहें? तलाक मामले में आज अहम सुनवाई

पटना। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे तलाक प्रकरण में आज 24 फरवरी को पटना के कुटुंब न्यायालय (सिविल कोर्ट) में अहम सुनवाई होनी है। कानूनी जानकारों का मानना है कि यह तारीख दोनों के रिश्ते के भविष्य को तय करने वाली साबित हो सकती है।

This slideshow requires JavaScript.

कोर्ट आज दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर सुलह की संभावनाओं पर विचार कर सकता है। यदि समझौते की राह नहीं निकली, तो तलाक की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

पिछली सुनवाई में नहीं पहुंचे थे पवन सिंह

11 फरवरी को हुई पिछली सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह पारंपरिक साड़ी और मांग में सिंदूर लगाकर कोर्ट पहुंची थीं। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं। हालांकि उस दिन पवन सिंह शारीरिक रूप से अदालत में पेश नहीं हुए थे।

उनके वकील ने अदालत को बताया था कि पवन सिंह की तबीयत खराब है और ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण वे अस्पताल में भर्ती हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्हें अस्पताल के बेड पर लेटे हुए दिखाया गया था, हालांकि अस्पताल का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया।

10 करोड़ और मकान की मांग

ज्योति सिंह की ओर से पेश अधिवक्ता विष्णुधर पांडेय के अनुसार, ज्योति ने अदालत में स्पष्ट कहा है कि वे अपने पति के साथ रहना चाहती हैं। लेकिन यदि पवन सिंह उन्हें साथ नहीं रखना चाहते, तो गुजारा भत्ता के रूप में 10 करोड़ रुपये और एक मकान देने की मांग की गई है।

वकील के मुताबिक, पिछले 4-5 वर्षों से ज्योति को न तो कोई खर्च दिया गया है और न ही मेंटेनेंस। अदालत ने पहले सुलह की संभावनाओं को तलाशने और उसके बाद ही वित्तीय मुद्दों पर विचार करने की बात कही है।

मानसिक रूप से थकीं ज्योति

वकील का कहना है कि लंबी कानूनी लड़ाई ने ज्योति सिंह को मानसिक रूप से थका दिया है। पिछली सुनवाई के दौरान वे काफी भावुक नजर आईं और उनकी आंखों में आंसू थे।

आज की सुनवाई पर सबकी नजर

आज की तारीख इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि अदालत दोनों पक्षों की मौजूदगी में अंतिम प्रयास कर सकती है कि रिश्ते को बचाया जा सके। यदि समझौता नहीं होता, तो आने वाले महीनों में तलाक की कानूनी प्रक्रिया तेज हो सकती है।

फिलहाल सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या पवन सिंह आज अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होंगे और क्या इस हाई-प्रोफाइल मामले में कोई नया मोड़ आएगा।

Leave a Reply