
जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का सहारा लेकर व्यापारी से रंगदारी मांगने वाले आरोपी लादूराम उर्फ लादेन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह मामला सरदारपुरा थाना क्षेत्र का है, जहाँ आरोपी ने व्यापारी से 5 लाख रुपये की मांग की और जान से मारने की धमकी दी।
जोधपुर पुलिस के उपायुक्त विनीत बंसल ने बताया कि व्यापारी ने धमकी मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मोबाइल नंबर की जांच की गई और पता चला कि यह नंबर झंवर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने छापेमारी कर झंवर निवासी लादूराम उर्फ लादेन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
आरोपी कौन है?
गिरफ्तार लादूराम उर्फ लादेन झंवर इलाके के जाटावास का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, वह कोई पेशेवर गैंगस्टर नहीं है बल्कि दिहाड़ी मजदूर है। पूछताछ में लादूराम ने बताया कि वह नशे का आदी है और पैसों की सख्त जरूरत के कारण उसने लॉरेंस बिश्नोई के नाम का सहारा लेकर व्यापारी को धमकी दी।
थानाध्यक्ष का बयान
झंवर थानाधिकारी प्रहलाद सिंह ने कहा कि आरोपी के बारे में और डिटेल निकाली जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि उसका लॉरेंस गैंग से कोई संबंध है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पहले भी सामने आए मामले
यह पहला मामला नहीं है जब जोधपुर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगी गई है। फरवरी माह में यह चौथी बड़ी घटना है। इससे पहले चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के दो अधिकारियों को धमकी देकर दो करोड़ रुपये की मांग की गई थी।
पुलिस अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि इस तरह की धमकी भरी कॉल्स से डरें नहीं और तुरंत पुलिस को सूचित करें।
