
जयपुर। बहुचर्चित जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले में जांच एजेंसियों ने सख्ती बढ़ा दी है। करीब 900 करोड़ रुपये के कथित घोटाले में पूर्व आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि वह विदेश फरार हो सकते हैं, इसी के मद्देनज़र यह कदम उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार, एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 17 फरवरी को सुबोध अग्रवाल के आवास पर तलाशी ली थी, लेकिन वह मौके पर मौजूद नहीं मिले। इसके बाद से उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
9 अफसर गिरफ्तार, कोर्ट ने 3 दिन की रिमांड मंजूर
ACB ने इस मामले में जलदाय विभाग से जुड़े नौ अधिकारियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने सभी आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर भेज दिया है। एजेंसी ने पांच दिन की रिमांड की मांग की थी, हालांकि अदालत ने सीमित अवधि ही स्वीकृत की।
रिमांड के दौरान घोटाले से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सभी आरोपियों को एक ही वाहन में कोर्ट लाया गया।
गिरफ्तार अधिकारियों की सूची
-
केडी गुप्ता — चीफ इंजीनियर, जयपुर शहर
-
दिनेश गोयल — तत्कालीन मुख्य अभियंता
-
डीके गौड — रिटायर्ड तकनीकी चीफ इंजीनियर
-
निरिल कुमार — तत्कालीन अधीक्षण अभियंता
-
सुशील शर्मा — वित्तीय सलाहकार, JJM
-
शुभांशु दीक्षित — अतिरिक्त मुख्य अभियंता
-
अरुण श्रीवास्तव — रिटायर्ड अतिरिक्त मुख्य अभियंता
-
महेंद्र प्रकाश सोनी — रिटायर्ड अधीक्षण अभियंता
-
विशाल सक्सेना — अधिशासी अभियंता (निलंबित)
15 ठिकानों पर छापे, फर्जी बिलिंग की जांच
ACB ने 17 फरवरी को 15 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। ये कार्रवाई बाड़मेर, जालोर, सीकर के साथ-साथ बिहार, झारखंड और दिल्ली में की गई। जांच का फोकस जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्यों में कथित गड़बड़ियां, फर्जी बिलिंग और वित्तीय अनियमितताएं हैं।
एजेंसी का कहना है कि रिमांड अवधि के दौरान मिले इनपुट के आधार पर और बड़े खुलासे हो सकते हैं तथा अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।
जांच तेज, आगे बढ़ सकती है कार्रवाई
जांच एजेंसियां अब सुबोध अग्रवाल की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हैं। लुकआउट नोटिस के चलते देश के एयरपोर्ट और सीमावर्ती बिंदुओं पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, और गिरफ्तारियां तथा नए तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
