
नई दिल्ली / ढाका: बांग्लादेश में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के नेता तारिक रहमान ने मंगलवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इस मौके पर भारत की तरफ से लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिस्री शपथग्रहण समारोह में मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी का संदेश और निमंत्रण
शपथ ग्रहण के बाद लोकसभा स्पीकर ने तारिक रहमान से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने रहमान को भारत यात्रा के लिए प्रधानमंत्री मोदी का निमंत्रण भी सौंपा।
प्रधानमंत्री मोदी को समारोह में आमंत्रित किया गया था, लेकिन वह मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता में व्यस्त होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके।
जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख से शिष्टाचार मुलाकात
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बांग्लादेश में नेता प्रतिपक्ष और जमात-ए-इस्लामी के अमीर डॉ. शफीकुर रहमान से भी शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात में मिस्री ने डॉ. रहमान को उनकी नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं दीं और भारत के स्थायी समर्थन की पुष्टि की।
डॉ. शफीकुर रहमान ने दोनों देशों के बीच गहरे सभ्यतागत और ऐतिहासिक संबंधों पर प्रकाश डाला। भारतीय उच्चायोग ने बताया कि विदेश सचिव ने मजबूत द्विपक्षीय संबंधों की उम्मीद जताई।
बीएनपी की ऐतिहासिक जीत
बांग्लादेश में 12 फरवरी को हुए 13वें संसदीय चुनावों में बीएनपी ने 297 में से 209 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया। वहीं, कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी ने 68 सीटें हासिल कीं। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग को चुनाव लड़ने से रोका गया था।
बीएनपी की यह जीत पार्टी के लिए संजीवनी साबित हुई, क्योंकि अवामी लीग के 15 वर्षों के शासन के बाद पार्टी लगातार चुनौती का सामना कर रही थी। अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों ने अवामी लीग सरकार को सत्ता से हटाने में निर्णायक भूमिका निभाई थी।
