Tuesday, February 17

10वीं बोर्ड अंग्रेजी: आसान होगा पेपर, एक्सपर्ट्स की ये 8 बातें आएंगी काम

बोर्ड परीक्षाओं का सीजन शुरू हो चुका है। महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड की 10वीं क्लास की अंग्रेजी परीक्षा 27 फरवरी 2026 को होने वाली है। हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए हिंदी का पेपर आसान रहता है, लेकिन अंग्रेजी सुनते ही कई छात्रों का आत्मविश्वास डगमगा जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार अंग्रेजी का डर विषय का नहीं, बल्कि मानसिक धारणा का होता है। इसे सामान्य भाषा की तरह समझने पर अच्छे अंक आसानी से हासिल किए जा सकते हैं।

This slideshow requires JavaScript.

1. पेपर का पैटर्न समझें
10वीं अंग्रेजी परीक्षा कुल 100 अंकों की होती है – 80 अंक लिखित और 20 अंक आंतरिक मूल्यांकन के। प्रश्नपत्र निश्चित ढांचे में तैयार होता है। पैटर्न समझने और समय प्रबंधन पर ध्यान देने से आधी चिंता खत्म हो जाती है।

2. साफ-सुथरे सेक्शन और स्पष्ट तैयारी
प्रश्नपत्र लैंग्वेज स्टडी, टेक्स्चुअल पैसेज, पोएट्री, नॉन-टेक्स्चुअल पैसेज, राइटिंग स्किल्स और स्किल डेवलपमेंट से संबंधित होता है। प्रत्येक सेक्शन के लिए तैयारी अलग रखें।

3. लैंग्वेज स्टडी में पूरे अंक संभव
इस सेक्शन के प्रश्न रिक्त स्थान भरना, शब्दों को क्रम में लगाना, विराम चिह्न सही करना और अक्षरों से शब्द बनाना जैसे अभ्यास आधारित होते हैं। नियमित अभ्यास करने से पूरे अंक आसानी से हासिल किए जा सकते हैं।

4. पढ़ने की आदत बनाएँ
टेक्स्चुअल पैसेज सेक्शन (20 अंक) में पाठ को ध्यान से पढ़कर उत्तर देना जरूरी है। समझ के साथ लिखा गया उत्तर बेहतर अंक दिलाता है।

5. पोएट्री में क्रम और स्पष्टता
पद्य भाग से 10 अंक होते हैं। कविता पर आधारित प्रश्नों में शीर्षक, कवि का नाम, थीम, राइम स्कीम और केंद्रीय विचार व्यवस्थित रूप में लिखें। प्रस्तुति जितनी स्पष्ट होगी, अंक उतने बेहतर मिलेंगे।

6. नॉन-टेक्स्चुअल पैसेज में समझ का परीक्षण
इस सेक्शन में चार्ट, तालिका या सूचनात्मक पाठ के आधार पर उत्तर देना होता है। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करने से आत्मविश्वास बढ़ता है।

7. राइटिंग स्किल्स में फॉर्मेट मायने रखता है
20 अंकों के इस खंड में औपचारिक और अनौपचारिक पत्र, संवाद, भाषण, न्यूज रिपोर्ट हेडलाइन और संक्षित अनुच्छेद लेखन शामिल हैं। सही प्रारूप और संतुलित शब्द-सीमा सफलता की कुंजी हैं।

8. स्किल डेवलपमेंट आसान होता है
अंतिम 5 अंकों के प्रश्न अनुवाद या शब्दार्थ से संबंधित होते हैं। इसे हल करना अपेक्षाकृत सरल होता है और छात्रों को अतिरिक्त आत्मविश्वास देता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अंग्रेजी को विषय नहीं, बल्कि भाषा की तरह अपनाने और नियमित अभ्यास, मॉडल पेपर हल करने तथा सही फॉर्मेट में उत्तर लिखने से 10वीं बोर्ड अंग्रेजी में अच्छे अंक हासिल किए जा सकते हैं।

Leave a Reply