Thursday, May 14

This slideshow requires JavaScript.

गैंगस्टर जेल गया, तो गर्लफ्रेंड की मां बनी लेडी डॉन! रांची पुलिस ने खोला राज

रांची। गैंगस्टर राहुल सिंह के जेल जाने के बाद उसकी गर्लफ्रेंड की मां चंपा देवी ने गिरोह की कमान संभाल ली। चंपा देवी न सिर्फ गुर्गों को हथियार उपलब्ध कराती हैं, बल्कि रंगदारी वसूली और वारदातों का पूरा संचालन करती हैं। गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि रंगदारी का सारा पैसा चंपा देवी के पास ही जमा होता था।

This slideshow requires JavaScript.

कटप्पा और RDX ने बताया मम्मी जी का खेल

रांची पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी अश्विनी उर्फ कटप्पा, पंकज कुमार उर्फ सोनू शर्मा और रियाश सिंह उर्फ आरडीएक्स ने बताया कि अगस्त 2025 में एक कारोबारी से 2 लाख 85 हजार रुपये रंगदारी के रूप में वसूले गए थे। यह पैसा राहुल सिंह के निर्देश पर उसकी गर्लफ्रेंड की मां चंपा देवी को दिया गया।

चंपा देवी न केवल गिरोह का संचालन करती हैं, बल्कि गुर्गों को वारदात के लिए पैसे देती हैं और हथियार उपलब्ध कराती हैं। वह फिलहाल आईएसएम चौक, पुंदाग के समीप रहती हैं।

गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी

रांची के जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के पास से तीन सक्रिय गिरोह सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन, 15 गोलियां और चार मोबाइल फोन बरामद हुए। गिरफ्तार अपराधियों में पंकज कुमार उर्फ सोनू शर्मा, रियाश सिंह उर्फ आरडीएक्स और अश्विनी उर्फ कटप्पा शामिल हैं।

पूछताछ में अपराधियों ने बताया कि वे राहुल सिंह के आदेश का इंतजार कर रहे थे और रांची में मौजूद थे।

बांग्लादेश और नेपाल से कनेक्शन

रांची पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर राहुल सिंह और उसका गिरोह बांग्लादेश और नेपाल के अपराधियों से हथियार मंगाता था। रांची पुलिस ने कहा कि अब तक दर्जनों हथियार विदेश से मंगाए जा चुके हैं।

गैंगस्टर समेत 11 के खिलाफ मुकदमा

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि जगन्नाथपुर थाना में गैंगस्टर राहुल सिंह, पंकज, अश्विनी उर्फ कटप्पा, रियाश सिंह, अमन ठाकुर, झुनकु यादव, विशाल मुंडा, करण उरांव, दीपक मुंडा, प्रेम पांडेय, संटू सिंह, गणेश, अभिजीत परवत्ता और चंपा देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सभी गुर्गे राहुल सिंह के निर्देश पर गोलीबारी और रंगदारी की वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply