Monday, February 16

रूस में होगी भव्य रामलीला, दारिया बनेंगी सीता और दिमित्री निभाएंगे हनुमान का किरदार

अयोध्या/मॉस्को, 16 फरवरी 2026: उत्तर प्रदेश की धर्म नगरी अयोध्या से लेकर रूस की राजधानी मॉस्को तक रामलीला का जादू फैलने जा रहा है। 20 फरवरी को मॉस्को में भव्य रामलीला का मंचन किया जाएगा, जिसमें रूसी कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

This slideshow requires JavaScript.

मुख्य कलाकार और भूमिकाएँ

  • एवगेनी – राम

  • दारिया – सीता

  • मुरात – लक्ष्मण

  • दिमित्री – हनुमान

इस आयोजन की थीम दीपोत्सव से प्रेरित है और इसे भारत-रूस सांस्कृतिक संबंधों में एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।

आयोजन और सहयोग

रामलीला का आयोजन भारत के दूतावास और जवाहरलाल नेहरू सांस्कृतिक केंद्र (JNCC) के सहयोग से हो रहा है। इसकी मुख्य संचालक रूसी-भारतीय मैत्री संस्था ‘दिशा’ है, जिसका नेतृत्व डॉ. रामेश्वर सिंह कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रामलीला सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि सत्य, मर्यादा और आदर्श जीवन का सार्वभौमिक संदेश देती है। यही कारण है कि रूसी दर्शक इसे लेकर खास उत्साहित हैं।

अयोध्या में पहले भी कर चुके हैं प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद से अयोध्या का दीपोत्सव विश्वभर में अपनी पहचान बना चुका है। लाखों दीयों से जगमगाती अयोध्या की तस्वीरें दुनिया भर के सांस्कृतिक संगठनों और कलाकारों को प्रभावित कर रही हैं। रूस के कलाकारों की टीम ने पहले भी अयोध्या दीपोत्सव में मंचीय प्रस्तुति दी थी।

भारत और रूस के सांस्कृतिक संबंधों का लंबा इतिहास

भारत और रूस के बीच रामलीला की परंपरा का लंबा इतिहास रहा है। 1960 के दशक में सोवियत अभिनेता पद्मश्री गेनादी मिखाइलोविच पेचनिकोव ने मॉस्को में रामलीला का मंचन कर दोनों देशों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। इस बार का आयोजन भी दोनों देशों के लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply