
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के तिनकोनी गांव (दरपा थाना क्षेत्र) में शुक्रवार सुबह विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रखंड अध्यक्ष कामेश्वर सहनी (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब मृतक शौच के बाद हाथ धो रहे थे। तभी दो बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में कामेश्वर सहनी मौके पर ही मृत हो गए। घटनास्थल से कई खाली गोलियों के खोखे भी बरामद हुए हैं।
मृतक का आपराधिक इतिहास
पुलिस ने बताया कि मृतक का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज थे। इसके अलावा, उनके पूर्व नक्सली गतिविधियों से जुड़े होने की भी जानकारी मिली है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच में जुटी हुई है।
पार्टी के लिए राजनीतिक झटका
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब VIP पार्टी ने हाल ही में हुए बिहार चुनाव में करारी हार का सामना किया था। पार्टी का कोई भी उम्मीदवार जीत नहीं सका। पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी, जिन्हें कभी डिप्टी सीएम पद का दावेदार माना जाता था, इस चुनाव में जनता का समर्थन हासिल नहीं कर सके। इसी राजनीतिक निराशा के बीच प्रखंड अध्यक्ष की हत्या ने पार्टी को गहरी सदमे में डाल दिया है।
एसआईटी जांच और सुरक्षा व्यवस्था
घटना के बाद तिनकोनी गांव और आसपास के क्षेत्रों में संसनी और दहशत का माहौल है। गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने एसआईटी टीम का गठन कर मामले की जांच तेज कर दी है। डीएसपी मनीष आनंद ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए इलाके में सघन छापेमारी शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की जाएगी। घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था की चिंता बढ़ा दी है।