Saturday, February 14

दिल्ली सराफा बाजार में भारी गिरावट, चांदी 13,500 रुपये टूटी, सोना भी लुढ़का

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के सराफा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मांग में कमी और शेयर बाजार में बिकवाली के दबाव के चलते चांदी में तेज गिरावट देखने को मिली, जबकि सोना भी कमजोर होकर बंद हुआ।

This slideshow requires JavaScript.

अखिल भारतीय सराफा संघ के अनुसार, चांदी 13,500 रुपये की भारी गिरावट के साथ 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर बंद हुई। इससे पहले चांदी 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी। यानी एक ही दिन में चांदी करीब 5.03 प्रतिशत लुढ़क गई।

वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने के भाव में भी 2,400 रुपये की कमी दर्ज की गई और यह 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। यानी सोना करीब 1.5 प्रतिशत गिर गया।

बाजार में बिकवाली और अमेरिकी आंकड़ों का असर

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने बताया कि शेयर बाजार में व्यापक बिकवाली का असर सीधे सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ा। इसके अलावा निवेशक अमेरिकी उपभोक्ता महंगाई (CPI) के आंकड़ों से पहले सतर्कता बरत रहे हैं, जिससे बाजार में दबाव बढ़ गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हलचल

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हाजिर चांदी 2.01 डॉलर की तेजी के साथ 77.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि सोना लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 4,968.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा।

कोटक सिक्योरिटीज की सहायक उपाध्यक्ष (कमोडिटी रिसर्च) कायनात चैनवाला ने कहा कि बाजार की नजर आगामी अमेरिकी सीपीआई आंकड़ों पर बनी हुई है। इसके अलावा अमेरिका-ईरान तनाव और रूस-यूक्रेन संघर्ष जैसे भू-राजनीतिक तनाव में कुछ नरमी आने से सुरक्षित निवेश के रूप में सोने-चांदी की मांग में कमी देखी गई है।

Leave a Reply