
गाजियाबाद: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गाजियाबाद स्थित प्राचीन दूधेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह डायवर्जन शनिवार शाम 6 बजे से रविवार को कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, इस दौरान जीटी रोड पर भीड़ नियंत्रित करने और जाम से बचाव के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
लाल कुआं से नया बस अड्डा तक व्यावसायिक वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध
डीसीपी यातायात त्रिगुण बिसेन ने जानकारी देते हुए बताया कि लाल कुआं से नया बस अड्डा के बीच सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने बताया कि लाल कुआं से मेरठ तिराहा की ओर जाने वाले व्यावसायिक वाहन साजन मोड़ से दाहिने मुड़कर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क चौराहा से विवेकानंद नगर फ्लाईओवर होते हुए हापुड़ चुंगी पहुंचेंगे। इसके बाद वाहन एएलटी चौराहा से मेरठ रोड होते हुए मेरठ तिराहा की ओर जाएंगे।
मेरठ तिराहा से लाल कुआं आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग
इसी प्रकार मेरठ तिराहा से लाल कुआं की ओर आने वाले व्यावसायिक वाहन जीटी रोड पर न जाकर मेरठ रोड से होते हुए एएलटी चौराहा, हापुड़ चुंगी, विवेकानंद नगर फ्लाईओवर और साजन मोड़ के माध्यम से लाल कुआं की ओर जाएंगे।
हल्के व्यावसायिक वाहनों पर भी रहेगा प्रतिबंध
डीसीपी ने बताया कि इस दौरान चौधरी मोड़ से हापुड़ तिराहा के बीच हल्के व्यावसायिक वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है—
जीटी रोड/आंबेडकर रोड (विजयनगर रेलवे पुल की ओर) से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन रामलीला मैदान, घंटाघर में पार्क कर पैदल मंदिर जाएंगे।
नया बस अड्डा की ओर से आने वाले श्रद्धालु पटेलनगर फ्लाईओवर पार करने के बाद वाहन रामलीला मैदान, घंटाघर में पार्क करेंगे और पैदल मंदिर की ओर जाएंगे।
हापुड़ रोड से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन नवयुग मार्केट रोड के किनारे पार्क कर पैदल मंदिर जाएंगे।
विजयनगर की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन मिलिट्री ग्राउंड, विजयनगर में पार्क कर मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी किए गए रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि महाशिवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
