
रांची: झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दक्षिण-पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल ने रांची-लोहरदगा-डालटनगंज (मेदिनीनगर) के बीच पहली बार शटल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय को भेज दिया है। अनुमति मिलते ही इस नई रेल सेवा का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
रेल मंडल के अनुसार, यह शटल ट्रेन शुरू होने से यात्रियों का समय और खर्च दोनों कम होंगे। खासकर लातेहार, बरवाडीह और लोहरदगा क्षेत्र के लोगों को राजधानी रांची आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
रात में डालटनगंज से चलेगी, सुबह पहुंचेगी रांची
रेलवे द्वारा तैयार किए गए प्रस्तावित टाइम टेबल के अनुसार, शटल ट्रेन रात 11 से 12 बजे के बीच डालटनगंज से रवाना होगी और विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह करीब 6 बजे रांची पहुंचेगी।
रेलवे की योजना इस रूट पर प्रतिदिन दो ट्रिप चलाने की है। इससे छात्रों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को विशेष लाभ होगा, जिन्हें सुबह रांची पहुंचना जरूरी होता है।
व्यापार और शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस शटल सेवा से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। साथ ही, लोगों की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी।
रेल सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को बस या निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे सफर अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती हो जाएगा।
डीआरएम का बयान
रांची रेल डिवीजन के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने कहा कि रांची-लोहरदगा-डालटनगंज के बीच शटल ट्रेन का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा जा चुका है। मंजूरी मिलते ही परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।
हजारीबाग के लिए भी शटल ट्रेन की तैयारी
रेल मंडल ने यह भी संकेत दिए हैं कि रांची से हजारीबाग (वाया मेसरा) के लिए भी शटल सेवा शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। इसका प्रस्ताव जल्द मुख्यालय भेजा जाएगा।
नई शटल ट्रेन सेवाओं के शुरू होने से झारखंड के कई जिलों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी और यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है
