
भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में एक बेहद हृदयविदारक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गंगापुर थाना क्षेत्र के आलोली गांव में शराब समझकर बर्तन साफ करने वाला तरल पदार्थ (डिशवॉश लिक्विड) पीने से एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक तीन दिन पहले एक शादी समारोह में बर्तन धोने का ठेका लेकर काम करने गए थे। समारोह समाप्त होने के बाद वे बर्तन साफ करने में इस्तेमाल होने वाला तरल पदार्थ अपने साथ घर ले आए। घर पहुंचने पर उन्होंने उसे शराब समझकर सेवन कर लिया। तरल पदार्थ पीने के कुछ ही समय बाद सभी की हालत अचानक बिगड़ने लगी और उन्हें तेज उल्टी-दस्त व गंभीर परेशानी होने लगी।
परिजनों द्वारा देर रात तीन लोगों को गंगापुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन वहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने तीन शवों को गंगापुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जबकि एक शव का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय में कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
मृतकों की पहचान रतन पुत्र मसरिया कंजर निवासी माधोपुर, सुशीला देवी, जमनी देवी पत्नी शंकर कंजर तथा बदामी देवी कंजर के रूप में हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि बर्तन धोने का यह रसायनिक तरल पदार्थ घर तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसका सेवन किया गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
