
नई दिल्ली: भारत मंडपम में आयोजित होने वाले एआई समिट को देखते हुए दिल्ली की महा नगरीय निगम (MCD) ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत पशु विभाग की टीमें भारत मंडपम, ऐतिहासिक स्थलों, फाइव स्टार होटल्स, एयरपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से आवारा जानवरों को पकड़ने का काम करेंगी।
चार ग्रुप में बंटकर होगी कार्रवाई
एमसीडी ने अपनी टीमों को चार ग्रुप में बांटा है। हर ग्रुप को तीन गाड़ियां दी गई हैं, जिनमें ड्राइवर और पशु कैचर तैनात रहेंगे।
-
ग्रुप ए: सेंट्रल जोन के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. अखिलेश कमल पहली और दूसरी शिफ्ट को लीड करेंगे, जबकि तीसरी शिफ्ट का नेतृत्व डॉ. रवीश कसाना करेंगे। यह ग्रुप महात्मा गांधी रोड साउथ एक्स से लेकर सराय काले खां, मथुरा रोड, लोधी रोड, ओबराय फ्लाईओवर, सेंट्रल मार्केट लाजपत नगर, डिफेंस कॉलोनी मार्केट, नेहरू प्लेस, हुमायूं का मकबरा और इंडिया हैबिटेट सेंटर सहित अन्य जगहों से आवारा जानवर हटाने का कार्य करेगा।
-
ग्रुप बी: नरेला जोन के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. एमपीएस सोढ़ी पहली और दूसरी शिफ्ट में टीम का नेतृत्व करेंगे, जबकि तीसरी शिफ्ट डॉ. सुनील कुमार रंगा लीड करेंगे।
-
ग्रुप सी: डिप्टी डायरेक्टर डॉ. राजकुमार पहली और दूसरी शिफ्ट, तथा थर्ड शिफ्ट डॉ. प्रकाश मिश्रा लीड करेंगे। यह ग्रुप महात्मा गांधी रोड साउथ एक्स से धौला कुआं, वसंत कुंज, हयात रीजेंसी आदि क्षेत्रों में कार्रवाई करेगा।
-
ग्रुप डी: डॉक्टर मिनाका शर्मा और डॉक्टर निशांत वर्मा इस ग्रुप का नेतृत्व करेंगे। यह ग्रुप जवाहरलाल नेहरू मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, चांदनी चौक, लाल किला, राजघाट, तिलक मार्ग और पुराना किला सहित प्रमुख स्थलों से आवारा जानवर हटाएगा।
उद्देश्य
एमसीडी अधिकारी ने बताया कि समिट शुरू होने से दो दिन पहले ही यह अभियान शुरू कर दिया जाएगा, ताकि बाहरी मेहमानों के स्वागत के समय शहर साफ-सुथरा और सुरक्षित रहे। यह कार्रवाई सुरक्षा, साफ-सफाई और इवेंट की शोभा बढ़ाने के लिए जरूरी मानी जा रही है।
