Thursday, February 12

ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में फ्लैट्स के बाहर रहस्यमयी आगजनी, डर का बना माहौल

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पैरामाउंट इमोशंस सोसाइटी में रहस्यमयी आगजनी की घटनाओं ने निवासियों में डर और संशय पैदा कर दिया है। सोसाइटी के चार अलग-अलग टॉवरों में फ्लैट्स के बाहर रखे जूते-चप्पल, दीवार पर लगे वॉलपेपर और बच्चों की साइकिल अचानक जल उठ रही हैं।

This slideshow requires JavaScript.

सोसाइटी निवासी मनीष सिंह ने बताया कि दो दिन पहले शाम को उनके फ्लैट के बाहर तेज जलने की बदबू आई। बाहर निकलने पर देखा कि पड़ोसी के फ्लैट के बाहर जूतों में आग लगी हुई थी। आसपास के लोगों की मदद से तुरंत आग पर काबू पाया गया। इसके बाद दूसरी घटना में दूसरे टॉवर की फ्लैट के बाहर खड़ी साइकिल में आग लगी। इन घटनाओं ने सोसाइटी में भय और चिंता का माहौल बना दिया है।

सोसाइटी के एक निवासी गौरव गुप्ता ने कहा, “चार अलग-अलग टॉवरों में लगातार आग लगना कोई सामान्य बात नहीं है। कुछ लोग इसे शरारती तत्व की करतूत मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे टोना-टोटका या किसी अदृश्य शक्ति से जोड़कर देख रहे हैं।”

पुलिस ने अब तक नहीं की कोई कार्रवाई
थाना बिसरख पुलिस ने बताया कि अब तक कोई शिकायत या तहरीर उनके पास नहीं पहुंची है। पुलिस का कहना है कि यदि शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की पूरी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सोसाइटी में रहस्यमयी आगजनी की इन घटनाओं ने निवासियों को सतर्क कर दिया है और लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर इस पीछे कौन है और इसका मकसद क्या है।

Leave a Reply