
नई दिल्ली: सरकारी कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) के शेयर आज शुरुआती कारोबार में करीब 6 प्रतिशत गिर गए। बीएसई पर BHEL का शेयर 259.30 रुपये पर आ गया, जबकि पिछले सत्र में यह 276.05 रुपये पर बंद हुआ था। आज सुबह शेयर 262 रुपये पर खुला।
केंद्र सरकार इस कंपनी में 5 प्रतिशत हिस्सेदारी ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेच रही है। इससे सरकार को लगभग 4,422 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है। इस वित्तीय वर्ष में सरकार ने अब तक पीएसयू में विनिवेश से 8,768 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
हालांकि, दिसंबर तिमाही में BHEL का नेट प्रॉफिट तीन गुना बढ़कर 382 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल समान तिमाही में 125 करोड़ रुपये था। इसी दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 16 प्रतिशत बढ़कर 8,473 करोड़ रुपये पहुंच गया था, जो पिछले साल 7,277 करोड़ रुपये था।
ओएफएस के लिए शेयर की कीमत 254 रुपये तय की गई है, जो पिछले बंद भाव से करीब 8 प्रतिशत कम है। इस ऑफर के तहत सरकार पहले 3 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी और अगर इश्यू ओवरसब्सक्राइब होता है तो अतिरिक्त 2 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने का विकल्प रहेगा।
आज यह ऑफर नॉन-रिटेल इनवेस्टर्स के लिए खुला है, जबकि रिटेल इनवेस्टर्स गुरुवार को बोली लगा सकते हैं। अगर पूरी तरह सब्सक्राइब होता है तो कुल 17.41 करोड़ शेयरों की बिक्री से सरकार को 4,422 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे।
सरकार की BHEL में कुल हिस्सेदारी 63.17 प्रतिशत है।
