
कासरगोड (केरल): केरल के कासरगोड में 25 वर्षीय फेमस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के. रेशमा उर्फ़ चिन्नू पप्पू का शव उनके किराए के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। अपने वीडियो और रील में हमेशा मुस्कुराती दिखाई देने वाली रेशमा ने सोशल मीडिया पर आखिरी रील पोस्ट की थी, जिसके बाद उनकी मौत की खबर ने उनके फैंस और फॉलोवर्स को सदमे में डाल दिया है।
पुलिस के अनुसार रेशमा कुडलू के आजाद रोड पर स्थित एक किराए के कमरे में रहती थीं। सोमवार को अपराह्न करीब 1:30 बजे उनके भाई रतीश ने उन्हें चादर से छत के पंखे से लटका हुआ पाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
के. रेशमा ने सोशल मीडिया पर चिन्नू पप्पू के नाम से अपनी पहचान बनाई थी। उनके इंस्टाग्राम पर दो लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। रेशमा ने छोटे वीडियो और रील्स के माध्यम से खास तौर पर कासरगोड के मलयालम लहजे और कभी-कभी तुलु भाषा में अपने कंटेंट से लोकप्रियता हासिल की थी।
पुलिस ने बताया कि रेशमा ने कुछ महीने पहले अपना वैवाहिक संबंध समाप्त कर दिया था। उनके एक चार साल के बच्चे भी हैं। पुलिस उनके मोबाइल फोन की जांच कर रही है और परिवार और रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार को सौंप दिया जाएगा।
रेशमा की अचानक और दुखद मौत ने उनके फैंस को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक अब भी इस खबर को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और उनके साथ जुड़ी यादों को साझा कर शोक व्यक्त कर रहे हैं।
