
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार दोपहर तेज रफ्तार लैम्बोर्गिनी कार ने सड़क पर कहर बरपा दिया। करोड़ों रुपये की इस लग्जरी कार को चला रहे तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और इसके बाद बुलेट सवार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुलेट पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि फुटपाथ पर खड़े एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई हैं।
यह घटना शहर के रेव थ्री मॉल के पास की बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे के बाद भागने की कोशिश, पोल से टकराई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद शिवम मिश्रा मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन इसी दौरान उसकी कार नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। इस टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में शिवम मिश्रा को भी चोटें आई हैं और बताया जा रहा है कि उसकी नाक में चोट लगी है।
भीड़ के साथ भिड़े बाउंसर, मौके पर तनाव
दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन शिवम मिश्रा के साथ चल रहे बाउंसरों ने लोगों से अभद्रता शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बाउंसर पीछे से एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में आ रहे थे।
लोगों का आरोप है कि बाउंसरों ने घायल पीड़ितों और स्थानीय लोगों के साथ बदसलूकी की, जिससे मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
बाउंसरों में दिल्ली पुलिस के सिपाही होने की चर्चा
घटना को लेकर एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि शिवम मिश्रा के साथ मौजूद कुछ बाउंसरों में दिल्ली पुलिस के सिपाही भी शामिल थे। हालांकि वे अपना नाम बताने से बचते रहे।
कार का रजिस्ट्रेशन दिल्ली नंबर का बताया गया है। जानकारी के अनुसार यह कार वसंत विहार के पश्चिमी मार्ग निवासी तंबाकू कारोबारी के.के. मिश्रा के नाम पर रजिस्टर्ड है।
पुलिस ने कार कब्जे में ली, घायलों को अस्पताल भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायल लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त लैम्बोर्गिनी कार को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया गया है।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ग्वालटोली थाना पुलिस कार को थाने ले आई है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
थाने में भी बवाल: पीड़ितों से अभद्रता का आरोप
सूत्रों के अनुसार जब पुलिस कार को थाने लेकर पहुंची, तब भी बाउंसरों ने वहां मौजूद पीड़ितों के साथ अभद्रता की। बताया गया कि बाउंसरों ने कार पर कवर डालने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने विरोध किया।
मामला जब वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा तो पुलिस ने कार से कवर हटवा दिया।
जांच जारी, कार्रवाई की तैयारी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों, कार की रफ्तार, चालक की स्थिति और सुरक्षा कर्मियों की भूमिका को लेकर जांच की जा रही है।
कानपुर में हुई यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रईसजादों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।