
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में काली थार सवार बदमाशों के आतंक का नया मामला सामने आया है। तीनों घटनाओं में लूट का तरीका समान रहा और पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
1. कानपुर के युवक से लूट
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में कानपुर के फिदा हुसैन ने शिकायत दर्ज कराई कि काले रंग की थार में सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें कानपुर जाने का झांसा देकर कार में बिठाया। रास्ते में बदमाशों ने डराया-धमकाया और 5,400 रुपये, फॉसिल कंपनी की घड़ी, वनप्लस फोन और ड्राइविंग लाइसेंस छीन लिया।
इसके अलावा, बदमाशों ने पीड़ित के गूगल-पे अकाउंट से 1 लाख रुपये भी जबरन ट्रांसफर करवाए। उसके बाद पीड़ित को कानपुर के रनिया क्षेत्र में सुनसान जगह पर उतारकर फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह घर पहुँचकर सरोजनीनगर थाने में तहरीर दी।
2. शिक्षक से लूटपाट
कमता क्षेत्र में सवारी का इंतजार कर रहे शिक्षक बलराम पटेल को भी काली थार सवार बदमाशों ने लिफ्ट देने का बहाना बनाकर कार में बैठा लिया। रास्ते में पीट-पीटकर उनसे सभी पैसे और मोबाइल छीन लिए और सुनसान किसान पथ पर उतारकर फरार हो गए।
बलराम पटेल बहराइच के राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। सदमे में उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्होंने बीकेटी पुलिस में तहरीर दी।
पुलिस की कार्रवाई
बीकेटी थाना के इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है