Thursday, February 5

कांग्रेस के कई सदस्य अप्रत्याशित घटना कर सकते थे, पीएम को सदन में न आने का आग्रह किया: लोकसभा अध्यक्ष

नई दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को कहा कि बुधवार को सदन में कुछ अप्रत्याशित घटनाएं हो सकती थीं, इसलिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सदन में न आने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि विपक्ष के कुछ सदस्यों का व्यवहार ऐसी स्थिति उत्पन्न कर रहा था जो लोकसभा के इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया।

This slideshow requires JavaScript.

बिरला ने कहा, “लोकसभा की शुरुआत से लेकर आज तक राजनीतिक मतभेद सदन के कार्यालय तक नहीं लाए गए। बुधवार को विपक्ष के सदस्य हमारे कार्यालय में इस तरह पहुंचे, जो संसदीय परंपराओं के लिए अनुचित था। यह दृश्य एक ‘काले धब्बे’ की तरह था।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री को राष्ट्रपति के अभिभाषण का जवाब देना था, लेकिन उनके पास पुख्ता जानकारी थी कि कांग्रेस के कई सदस्य पीएम के आसन तक पहुंचकर कोई अप्रत्याशित घटना कर सकते थे। “अगर यह घटना होती, तो यह देश के लोकतांत्रिक परंपराओं को गंभीर रूप से प्रभावित करती। इसलिए मैंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे सदन में न आएं।”

लोकसभा अध्यक्ष ने महिला सदस्यों के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई और कहा, “कल की घटना में कुछ महिला सदस्य प्रधानमंत्री के आसन तक पहुंचीं, जो सदन की गरिमा के अनुकूल नहीं था। आप आरोप लगा सकते हैं, लेकिन सीधे सत्तापक्ष की तरफ आकर इस तरह का व्यवहार करना उचित नहीं है।”

बिरला ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे सदन की गरिमा बनाए रखने और सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करें।

Leave a Reply