
अक्सर लोग शकरकंद के छिलकों को बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन यह सोच एक बड़ी गलती है। शकरकंद का छिलका न केवल खाने लायक है, बल्कि इसके गूदे से भी अधिक पौष्टिक होता है। इसमें फाइबर, विटामिन C, विटामिन E और बीटा-कैरोटीन जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं।
जीरो-वेस्ट कुकिंग और हेल्दी डाइट के शौकीन लोगों के लिए शकरकंद के छिलके कमाल के हैं। इन्हें कुकिंग में अलग-अलग तरीकों से इस्तेमाल किया जा सकता है।
1. क्रिस्पी और हेल्दी चिप्स
शाम के नाश्ते के लिए शकरकंद के छिलकों से बने चिप्स एक बेहतरीन विकल्प हैं। छिलकों को लंबाई में काटें, जैतून का तेल, नमक, काली मिर्च और चाट मसाला डालें और 180°C पर एयर फ्रायर या ओवन में सुनहरा और क्रिस्पी होने तक बेक करें।
2. मल्टीपर्पज पाउडर
छिलकों को धोकर धूप में सुखाएं और मिक्सर में पीसकर बारीक पाउडर बनाएं। इसे रोटियों, पराठों या चीले के घोल में 2-3 चम्मच मिलाएं। यह न केवल आटे की पौष्टिकता बढ़ाता है, बल्कि स्वाद और टेक्सचर भी बेहतर बनाता है।
3. परांठे की स्टफिंग
छिलकों को कद्दूकस करके बारीक प्याज, हरी मिर्च, अदरक और धनिया पत्ती मिलाएं। इस मिश्रण को परांठों की स्टफिंग में डालें। पकने पर यह बेहद नरम और स्वादिष्ट बनता है, बच्चों के लिए भी यह सब्जियों का हेल्दी विकल्प है।
4. ग्रेवी और सूप गाढ़ा करने के लिए
उबले शकरकंद के छिलकों को पीसकर स्मूद पेस्ट बनाएं और इसे दाल, सब्जी की ग्रेवी या सूप में डालें। इससे डिश को रिच और क्रीमी टेक्सचर मिलेगा, साथ ही हल्की प्राकृतिक मिठास भी आएगी।
5. वेजिटेबल स्टॉक और सूप बूस्टर
सूप या स्टॉक बनाते समय छिलके डालें। यह फ्लेवर, रंग और पोषण दोनों बढ़ा देते हैं। उबालने के बाद छिलकों को मैश करने से सूप का फाइबर कंटेंट भी बढ़ जाता है और यह हल्का और आसानी से पचने वाला बनता है।
6. रोस्टेड गार्निश और सलाद टॉपिंग
शकरकंद को छिलके सहित गोल स्लाइस में काटकर थोड़ा बटर लगाकर भूनें। भुनने के बाद छिलके कैरामलाइज्ड और क्रिस्पी हो जाते हैं। इन्हें सलाद या पास्ता पर गार्निशिंग के तौर पर डालें और साधारण डिश को प्रीमियम लुक दें।
शकरकंद के छिलकों को फेंकने की बजाय उनका स्मार्ट और हेल्दी इस्तेमाल आपकी डाइट और कुकिंग को और बेहतर बना सकता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी इंटरनेट स्रोतों पर आधारित है। एनबीटी इसकी सत्यता की जिम्मेदारी नहीं लेता।