Sunday, April 26

नोएडा सेक्टर-150 में जलभराव पर 27 करोड़ रुपये की परियोजना, युवराज मेहता की मौत के बाद कार्रवाई

नोएडा सेक्टर-150 में 16 जनवरी को गहरे गड्ढे में कार के साथ गिरकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के बाद अब इस क्षेत्र में जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से दूर करने की कवायद शुरू हो गई है। नोएडा अथॉरिटी ने सिंचाई विभाग द्वारा प्रस्तावित परियोजना के लिए 27 करोड़ रुपये का फंड मंजूर कर दिया है।

This slideshow requires JavaScript.

इस परियोजना के तहत सेक्टर-150 से सेक्टर-162 तक कुल 13 सेक्टरों में जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी। योजना में नाले और रेगुलेटर बनाकर बारिश और सीवर के पानी को प्रभावी रूप से निकालने का प्रस्ताव शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना में तकनीकी सर्वे, डिजाइन, टेंडर प्रक्रिया और निर्माण कार्य शामिल हैं और इसे पूरा होने में लगभग एक वर्ष का समय लग सकता है।

स्थायी व्यवस्था बनने तक अस्थायी इंतजाम भी किए जाएंगे। सिंचाई विभाग की ओर से पंप सेट और अस्थायी ड्रेनेज व्यवस्था के जरिए भरे पानी को जल्द से जल्द निकालने का प्रयास किया जाएगा, ताकि स्थानीय निवासियों और आने-जाने वालों को राहत मिल सके।

नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि परियोजना की निगरानी अथॉरिटी करेगी और तात्कालिक इंतजाम भी तुरंत लागू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में वर्ष 2021 से लगातार जलभराव की समस्या बनी हुई थी और युवराज मेहता की दुखद घटना ने समस्या की गंभीरता को उजागर किया है।

Leave a Reply