Thursday, February 5

सड़क पर तड़पते शख्स से मोबाइल चोरी, मदद को कोई आगे नहीं आया

नई दिल्ली: राजधानी के विकास नगर इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सड़क पर तड़प रहे एक अज्ञात व्यक्ति की मदद करने के बजाय दो स्कूटी सवार उसका मोबाइल और सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

This slideshow requires JavaScript.

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब चार बजे एक व्यक्ति अचानक सड़क पर गिर पड़ा और काफी देर तक तड़पता रहा। फुटेज में दिखाई देता है कि इसी दौरान दो स्कूटी सवार वहां पहुंचते हैं, लेकिन मदद करने के बजाय वे पीड़ित का मोबाइल उठा लेते हैं। कुछ देर बाद दोनों दोबारा लौटते हैं और उसकी जेब टटोलकर कीमती सामान व नकदी तलाशने की कोशिश करते हैं, फिर मौके से फरार हो जाते हैं।

चार दिन बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को संजय गांधी अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है।

आउटर दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में मौत प्राकृतिक कारणों से होने की आशंका है। संभव है कि व्यक्ति किसी स्वास्थ्य समस्या के कारण सड़क पर गिरा हो और उसी हालत में उसकी मृत्यु हो गई हो। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपियों की हरकत आपराधिक है और फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मृतक की पहचान से संबंधित कोई भी जानकारी तुरंत साझा करें, ताकि मामले की जांच आगे बढ़ाई जा सके।

Leave a Reply