
मुंबई: फरवरी के महीने में मुंबई में मौसम का मिजाज मार्च जैसा नजर आ रहा है। शहर और उसके उपनगरों में अगले 48 घंटों में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे 2026 में मुंबई की पहली महत्वपूर्ण गर्म लहर का संकेत मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल दिन का तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात का तापमान 20-21 डिग्री के आसपास रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर से ठंडी हवा न आने के कारण शहर में ठंडक नहीं पड़ रही। आगामी दिनों में भी तापमान में कोई बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और धुंध भी बनी रहेगी।
शहर के मौसम का हाल:
मुंबई के अधिकांश इलाकों में दिन का तापमान 32-33 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। अंधेरी पूर्व, बांद्रा पूर्व-पश्चिम, कुर्ला, चेंबूर, बोरीवली, मलाड, वर्ली, कोलाबा, जुहू और सांताक्रूज़ में बादल छाए रहे। आर्द्रता का स्तर 39-41 प्रतिशत रहा और पश्चिम-उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति 10-18 किमी प्रति घंटा रही।
गर्मी का कारण:
मौसम विशेषज्ञ राजेश कपाडिया के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम हवाओं के चलते उत्तर से ठंडी हवा मुंबई की ओर नहीं आ रही, इसलिए तापमान कम नहीं हो रहा। उनका अनुमान है कि एक सप्ताह बाद ठंडक फिर लौट सकती है।
वायु गुणवत्ता (AQI):
मुंबई में मंगलवार को विलेपार्लें में AQI स्तर 200 के पार रहा। अधिकांश क्षेत्रों में AQI 100 से ऊपर दर्ज किया गया। केवल बोरिवली और पवई में AQI 100 से नीचे पाया गया। मुंबई का औसत AQI 139 है। बीएमसी प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्माण स्थलों की निगरानी और सड़कों की सफाई जैसे उपाय लगातार कर रही है, लेकिन वायु गुणवत्ता में सुधार धीमा रहा है।