
मुंबई: महाराष्ट्र की कद्दावर नेता और कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे के हेलीकॉप्टर में सोमवार को तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उनका जिला पंचायत चुनाव प्रचार प्रभावित हुआ। घटना तब सामने आई जब पायलट ने हेलीकॉप्टर में खराबी देखकर उड़ान भरने से मना कर दिया।
जांच में यह पाया गया कि हेलीकॉप्टर के मुख्य रोटर ब्लेड में एक जगह से ढीलापन था, जिसके कारण उड़ान को रोका गया। पंकजा मुंडे औरंगाबाद (छत्रपति संभाजीनगर) से लातूर जा रही थीं। हेलीकॉप्टर की खराबी की वजह से उन्हें तय यात्रा रद्द कर सड़क मार्ग से प्रचार करना पड़ा।
पंकजा मुंडे बीजेपी के दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे की पुत्री हैं। वह अगस्ता 109 हेलीकॉप्टर (वीटी-ओएसजी) का इस्तेमाल कर रही थीं। इस तकनीकी खामी के चलते जिला परिषद चुनाव प्रचार में अचानक बाधा उत्पन्न हुई, जिससे राजनीतिक हलचल बढ़ गई।
महाराष्ट्र में जिला पंचायत चुनावों के लिए प्रचार जोरों पर है। सात फरवरी को राज्य के 12 जिला पंचायत और 125 नगर परिषदों के लिए मतदान होना है। हालांकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उप मुख्यमंत्री अजित पवार की हालिया मौत के बाद अपनी रैलियां रद्द कर दी हैं, पार्टी के अन्य नेता प्रचार कर रहे हैं। मतदान से पहले प्रचार का दौर पांच फरवरी रात 10 बजे समाप्त होगा, जबकि मतगणना नौ फरवरी को सुबह 10 बजे से शुरू होगी।