Wednesday, February 4

औली स्कीइंग विंटर कार्निवल 2026: 13 से 16 फरवरी तक होंगे राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले और सांस्कृतिक कार्यक्रम

देहरादून: उत्तराखंड के औली में इस साल स्कीइंग विंटर कार्निवल एवं राष्ट्रीय शीतकालीन खेल प्रतियोगिता-चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 13 से 16 फरवरी तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर तैयारियों को और तेज किया गया है, जिससे औली को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख शीतकालीन पर्यटन और विंटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जा सके।

This slideshow requires JavaScript.

आयोजन की रूपरेखा:

  • 13 फरवरी (गुरुवार): प्रतिभागियों का रजिस्ट्रेशन, उद्घाटन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्थानीय स्की प्रदर्शन, आईटीबीपी की ओर से स्की एवं रेस्क्यू डेमोंस्ट्रेशन और स्की माउंटेनियरिंग (वर्टिकल एवं स्प्रिंट) प्रदर्शन।

  • 14 फरवरी (शुक्रवार): प्रतियोगिता दिवस-I: अल्पाइन स्कीइंग – जाइंट स्लालम (पुरुष एवं महिला), स्नोबोर्ड – जाइंट स्लालम।

  • 15 फरवरी (शनिवार): प्रतियोगिता दिवस-II: अल्पाइन स्कीइंग – स्लालम (पुरुष एवं महिला), स्नोबोर्ड – स्लालम, स्की माउंटेनियरिंग – स्प्रिंट।

  • 16 फरवरी (रविवार): समापन समारोह, पुरस्कार वितरण और प्रतिभागी टीमों की विदाई।

मुख्य आकर्षण:
औली विंटर कार्निवल में राष्ट्रीय स्तर की अल्पाइन स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग और स्की माउंटेनियरिंग (स्किमो) प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके साथ ही गढ़वाली-कुमाऊंनी लोक संस्कृति, पारंपरिक कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देखने को मिलेंगी। आयोजन से स्थानीय युवाओं को रोजगार, होमस्टे पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

औली समुद्र तल से 2500 से 3050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और 3 से 5 किलोमीटर लंबे प्राकृतिक ढलानों, घने ओक व देवदार के जंगलों और नंदा देवी व कामेत जैसे हिमालयी शिखरों के मनोरम दृश्य के लिए विंटर स्पोर्ट्स प्रेमियों के बीच लोकप्रिय है। यहाँ एशिया की दूसरी सबसे लंबी रोपवे (गोंडोला) सुविधा भी मौजूद है।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने कहा कि यह कार्निवल औली को स्थायी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विंटर स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply