Wednesday, February 4

दिल्ली-NCR में कोहरा और तेज हवाओं का अलर्ट, अगले 7 दिन बारिश की संभावना नहीं

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में ठंड का असर एक बार फिर तेज होता नजर आ रहा है। मंगलवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंटा और धूप निकलने लगी, लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों को कंपकंपा दिया।

This slideshow requires JavaScript.

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले 6 से 7 दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस बीच 6 और 7 फरवरी को तेज और ठंडी हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही इन दिनों आसमान में बादल छाए रहने और हल्के कोहरे की संभावना बनी रहेगी।

तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक

मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
हवा में नमी का स्तर 49 से 100 प्रतिशत तक रहा।

पालम इलाके में अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज किया गया।

बुधवार को रहेगा मध्यम कोहरा

पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में मध्यम कोहरा रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा भी देखा जा सकता है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक रहने की संभावना है।

5 फरवरी को भी कोहरे का असर रहेगा

मौसम विभाग ने बताया कि 5 फरवरी को भी दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्का से मध्यम कोहरा बना रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच रह सकता है।

6-7 फरवरी को तेज हवाओं का अनुमान

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 6 और 7 फरवरी को दिल्ली-NCR में तेज और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। इससे ठंड में इजाफा हो सकता है और लोगों को अधिक ठिठुरन महसूस हो सकती है।

दिल्ली की हवा अभी भी खराब

दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) मंगलवार को खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के एयर बुलेटिन के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का AQI 272 रहा। प्रदूषण का मुख्य कारण पीएम 2.5 रहा।

हालांकि अनुमान है कि बुधवार को भी हवा खराब बनी रह सकती है, लेकिन गुरुवार से AQI में सुधार होकर यह सामान्य स्तर की ओर जा सकता है।

Leave a Reply