Wednesday, February 4

निगरानी ब्यूरो का डबल अटैक: नालंदा और नवादा में दो राजस्व कर्मचारी रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को नालंदा और नवादा जिले में दो राजस्व कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में जमीन के परिमार्जन (रिकॉर्ड सुधार) के बदले रिश्वत मांगे जाने की शिकायत सामने आई थी। निगरानी टीम ने सत्यापन के बाद जाल बिछाकर आरोपियों को पकड़ लिया।

This slideshow requires JavaScript.

नालंदा: 45 हजार रुपये घूस लेते पकड़ा गया राजस्व कर्मचारी

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारी के अनुसार, नालंदा जिले के राजगीर अंचल कार्यालय में तैनात राजस्व कर्मचारी अखिलेश साह को 45 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। उसे छबीलापुर रोड स्थित लेदुवा पुल के पास से पकड़ा गया।

बताया गया कि छबीलापुर थाना क्षेत्र के रटना गांव निवासी राजीव कुमार ने निगरानी कार्यालय, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि राजस्व कर्मचारी अखिलेश साह जमीन के परिमार्जन के बदले रिश्वत की मांग कर रहा है।

शिकायत के बाद निगरानी टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक अखिलेश कुमार के नेतृत्व में धावा दल गठित किया गया और तय योजना के अनुसार आरोपी को रिश्वत लेते ही गिरफ्तार कर लिया गया।

नवादा: रोह अंचल में 35 हजार रुपये लेते गिरफ्तार हुआ कर्मचारी

इधर, नवादा जिले के रोह अंचल में तैनात राजस्व कर्मचारी गुलशन कुमार को भी निगरानी ब्यूरो की टीम ने 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, रोह थाना क्षेत्र के बेलडीह गांव निवासी मंटू कुमार ने निगरानी कार्यालय में शिकायत की थी कि गुलशन कुमार जमीन के परिमार्जन के एवज में रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद निगरानी ब्यूरो ने पुलिस उपाधीक्षक विकास कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में धावा दल बनाया और मंगलवार को सीतापुर वंशीचक मोड़ से आरोपी को रिश्वत लेते ही दबोच लिया।

पूछताछ जारी, आगे भी हो सकती है कार्रवाई

निगरानी ब्यूरो ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

चेतावनी के बावजूद नहीं सुधर रहे कर्मचारी

गौरतलब है कि बिहार के डिप्टी सीएम और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा लगातार अधिकारियों और कर्मचारियों को भ्रष्टाचार से दूर रहने की चेतावनी दे चुके हैं, इसके बावजूद राजस्व विभाग में घूसखोरी के मामले सामने आ रहे हैं।

Leave a Reply