
बेतिया। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से लापता हुई पांच लड़कियों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर नई दिल्ली से बरामद कर सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार, ये लड़कियां कुमारबाग थाना क्षेत्र के लखौरा गांव से सोमवार को अचानक लापता हो गई थीं। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घर से निकलीं, फिर नहीं लौटीं
सदर-एक के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) विवेक दीप ने बताया कि सोमवार की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि लखौरा गांव के वार्ड संख्या आठ से पांच लड़कियां लापता हैं। परिजनों के मुताबिक, सभी लड़कियां सोमवार सुबह घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं।
परिजनों ने जब आसपास खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। स्थानीय लोगों ने भी बताया कि सभी लड़कियों को गांव में एक साथ देखा गया था और कुछ लड़कियों के पास कपड़े व अन्य सामान भी था, जिससे संदेह हुआ कि वे कहीं जाने की तैयारी में थीं।
जांच में खुलासा: दिल्ली चली गई थीं
एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि पुलिस जांच में पता चला कि सभी लड़कियां नई दिल्ली में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें वहां से बरामद किया और सुरक्षित वापस लाया गया।
‘बेहतर अवसरों’ की तलाश में गई थीं
पुलिस जांच में सामने आया है कि लड़कियां बिना अपने माता-पिता को बताए बेहतर अवसरों और भविष्य की तलाश में एक साथ दिल्ली चली गई थीं। पुलिस के अनुसार, लड़कियों की उम्र 15 से 18 वर्ष के बीच होने की संभावना है।
परिजनों को सौंपा गया
पुलिस ने सभी लड़कियों को बरामद कर आवश्यक पूछताछ के बाद उनके परिजनों के हवाले कर दिया। घटना के बाद परिवार में खुशी और राहत का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है कि लड़कियां किन परिस्थितियों में दिल्ली पहुंचीं और वहां किससे संपर्क में थीं।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।