
नालंदा (बिहार)। नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतनंदनपुर गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की जहर से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान 27 वर्षीय कविता कुमारी, उसकी 5 वर्षीय बेटी सपना कुमारी और डेढ़ वर्षीय बेटी गुंजन कुमारी के रूप में हुई है। तीनों को गंभीर हालत में पावापुरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका कविता का मायका बिहार थाना क्षेत्र के वासवन बिगहा गांव में है। मायके पक्ष का आरोप है कि कविता को बेटा न होने के कारण लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के दादा सूबे यादव ने बताया कि पिछले छह दिनों से कविता और उसके बच्चों को ससुराल में खाना तक नहीं दिया जा रहा था और वह पड़ोसियों के घर जाकर भोजन कर रही थी।
कविता के भाई पीयूष कुमार ने आरोप लगाया कि करीब 10 साल पहले कविता की शादी पिंटू यादव से हुई थी। शादी के बाद कविता ने दो बेटियों को जन्म दिया, जिसके बाद ससुराल पक्ष लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। परिजनों का दावा है कि मंगलवार को ससुराल वालों ने कविता और दोनों बच्चियों को जहर खिला दिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई।
अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हुए ससुराल वाले
परिजनों के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली।
पुलिस कर रही जांच, एफएसएल टीम बुलाई गई
पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
रहुई थाना अध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि फिलहाल प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
अस्पताल में मचा कोहराम
तीनों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया।
लिखित आवेदन का इंतजार
पुलिस के अनुसार, अभी तक परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तेज की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व एफएसएल जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।