
रायपुर: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत 2026-27 का बजट छत्तीसगढ़ के लिए विकास की नई राह खोलने वाला साबित होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट भारत के सुनहरे और विकसित भविष्य का ऐतिहासिक दस्तावेज है।
कृषि क्षेत्र में बढ़ेगी आय
सीएम साय ने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। एआई और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि उत्पादकता बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही पशुपालन और डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन मिलेगा। महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना के तहत स्थानीय उद्योग और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।
युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
बजट में स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में रोजगार सृजन पर जोर दिया गया है। पर्यटन के विकास से स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेंगे। विदेश यात्रा और पढ़ाई भी अब सस्ती और सुविधाजनक होगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार
सीएम साय ने बताया कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिससे कैंसर, डायबिटीज और अन्य गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। जिले के अस्पतालों का उन्नयन, इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, मानसिक स्वास्थ्य और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही मेडिकल टूरिज्म के लिए पांच रीजनल हब बनाए जाएंगे।
महिलाओं और शिक्षा को मिलेगा फायदा
लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को क्रेडिट-लिंक्ड स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा से उन्हें उच्च शिक्षा में सुविधा मिलेगी। उद्योग, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में सुधारों से बच्चों और युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।
इन्फ्रास्ट्रक्चर और रेल कॉरिडोर
बजट में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 नए जलमार्ग, बड़े टेक्सटाइल पार्क और चार राज्यों में खनिज कॉरिडोर की घोषणा की गई है। सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40 हजार करोड़ रुपए निवेश से औद्योगिक विकास और रोजगार को नई गति मिलेगी।
आयकर प्रक्रिया में सुधार और आम जनता को राहत
आयकर प्रक्रिया को सरल बनाया गया है और छोटे करदाताओं के लिए आसान व्यवस्था की गई है। दवाइयां, कपड़े, जूते, मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण, बायोगैस-सीएनजी जैसी रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी।
सीएम साय ने कहा कि यह बजट ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को मजबूत करता है और छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में समावेशी विकास सुनिश्चित करेगा।