
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार रात बारात के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच जोरदार विवाद हो गया। मस्जिद के पास चल रही नमाज के दौरान तेज आवाज में डीजे बजने पर एक पक्ष ने आपत्ति जताई, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई और दोनों ओर से लाठी-डंडे चल गए। इस झड़प में चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
यह मामला नागल थाना क्षेत्र के गांव बोहडूपुर का है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजेश सैनी के पुत्र नितिन सैनी की बारात शनिवार रात निकली थी। बारात में शामिल लोग डीजे की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। जब बारात गांव की मुस्लिम बस्ती से होकर गुजरी, उस समय मस्जिद में नमाज चल रही थी।
मुस्लिम पक्ष ने डीजे की तेज आवाज पर आपत्ति जताते हुए कुछ देर के लिए संगीत बंद करने को कहा, ताकि नमाज में खलल न पड़े। इस बात पर बाराती पक्ष के कुछ लोग नाराज हो गए और कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें शेखर, निखिल, अजीम मलिक और फईम घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नागल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, और पुलिस ने दोनों ओर से शिकायतें दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, मुस्लिम पक्ष के मोहम्मद अजीम मलिक ने बताया कि उन्होंने केवल नमाज के सम्मान में कुछ देर डीजे बंद करने को कहा था, लेकिन बाराती पक्ष ने गाली-गलौज कर दी और हमला कर दिया। वहीं, बाराती पक्ष का कहना है कि उन पर पहले हमला किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल हो गया है, जिसकी जांच की जा रही है। किसी भी स्थिति में शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।