
खरगोन (कसरावद): जिले के कसरावद कस्बे के नए बस स्टैंड पर चाय की दुकान चलाने वाले विजय वर्मा ने देशभक्ति और सिनेमा के प्रति अपने अनोखे जुनून से नगरवासियों का दिल जीत लिया है। सीमित आय होने के बावजूद विजय ने हाल ही में सन्नी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के करीब 5 हजार रुपए खर्च कर पूरे मोहल्ले के लोगों को थियेटर तक पहुंचाकर फिल्म दिखाई।
इस खास पहल में केवल टिकट ही नहीं दिए गए, बल्कि लोगों को एक तिरंगा रैली के रूप में थियेटर तक ले जाया गया। नारों, उत्साह और देशभक्ति के जज़्बे के साथ निकली यह रैली पूरे नगर के लिए प्रेरणास्पद रही।
विजय इससे पहले वर्ष 2023 में भी इसी तरह की पहल कर चुके हैं। उन्होंने उस समय सन्नी देओल की फिल्म ‘गदर 2’ की रिलीज़ के पहले दिन लगभग 38 हजार रुपए खर्च कर सैकड़ों लोगों को फिल्म दिखाई थी, जिससे पूरे कस्बे में देशभक्ति की लहर दौड़ गई थी।
विजय का कहना है कि सन्नी देओल की फिल्मों में केवल अभिनय नहीं, बल्कि देश के प्रति समर्पण और बलिदान की भावना झलकती है, जो युवाओं को खास तौर पर प्रेरित करती है। उनके इस प्रयास से न केवल फिल्म देखने का अनुभव रोमांचक बनता है, बल्कि लोगों में एकजुटता और देशभक्ति का जज़्बा भी जागृत होता है।
फिल्म देखने आए दर्शक सावन वर्मा ने बताया, “गदर-2 की तरह इस बार भी रैली और फिल्म देखने का अनुभव बेहद रोमांचक रहा।”
विजय वर्मा की यह पहल साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद देशभक्ति और सिनेमा के प्रति सच्चा जुनून किसी भी बड़े काम से कम नहीं।