
देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम की बेरुखी और ठंडक का असर लगातार महसूस किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज प्रदेश के देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
मौसम में बदलाव के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में ठंडक बढ़ सकती है और तापमान में आंशिक गिरावट देखने को मिल सकती है। मैदानी इलाकों में दिन के समय तेज धूप रहने से गर्मी बनी हुई है, जबकि सुबह और शाम ठंडक महसूस हो रही है।
देहरादून सहित कई जनपदों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक है। पिछले दिनों हुई बारिश और बर्फबारी से प्रदेशवासियों और किसानों को राहत मिली है। खासकर सेब के बागवानों ने बर्फबारी के बाद राहत की सांस ली है।
मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी में प्रदेश में औसत बारिश सामान्य से लगभग 3% अधिक रही। औली में बर्फबारी के चलते पर्यटन का मौसम शुरू हो चुका है और स्काई प्रेमियों का यहां जमावड़ा लगा हुआ है। औली का तापमान माइनस 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पर्याप्त बर्फ होने के कारण पर्यटन विभाग ने यहां नेशनल गेम्स और कार्निवल के आयोजन की योजना बनाई है, जिसकी तिथि फरवरी के दूसरे सप्ताह में घोषित की जाएगी।