Monday, February 2

बजट 2026: हरियाणा का राखीगढ़ी बनेगा देश की 15 आइकॉनिक साइट्स में शामिल

 

This slideshow requires JavaScript.

 

हिसार: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद में केंद्रीय बजट 2026 पेश किया। इस बजट में हरियाणा के लिए बड़ी घोषणा की गई है। वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में कहा कि हरियाणा का ऐतिहासिक स्थल राखीगढ़ी अब देश की 15 आइकॉनिक साइट्स में शामिल किया जाएगा।

 

राखीगढ़ी, जो दुनिया की सबसे पुरानी और विशालकाय सिंधु-सरस्वती सभ्यता का केंद्र है, अब अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी नई पहचान बनाएगा। वित्त मंत्री ने बताया कि यहां पर पर्यटकों के लिए पाथवे का निर्माण किया जाएगा और उन्हें स्थल की जानकारी देने के लिए लोकल गाइड्स नियुक्त किए जाएंगे। इसके साथ ही इस ऐतिहासिक धरोहर को आम लोगों तक पहुँचाने के लिए संस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

राखीगढ़ी लगभग 6,000 वर्ष पुरानी हड़प्पा सभ्यता का प्रमुख स्थल है। यहां की खोदाई के दौरान प्राचीन मिट्टी के बर्तन, 60 कंकाल, महिलाओं के आभूषण, प्राचीन लिपि और पानी की ड्रेनेज प्रणाली जैसी अद्भुत चीज़ें सामने आई हैं। केंद्र सरकार ने इसे वैश्विक धरोहर स्थल बनाने के लिए केंद्रीय बजट 2025-26 में 500 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

 

इसके अलावा बजट में राज्यों के लिए भी महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। राज्यों को 1.4 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर हिस्सा देने का ऐलान किया गया है। 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार, राज्यों का हिस्सा 41% पर बरकरार रखा गया है। इससे हरियाणा जैसे केंद्र को बड़े कर योगदान देने वाले राज्यों को शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी योजनाओं में मजबूती मिलेगी।

 

बजट 2026 में राखीगढ़ी को ऐतिहासिक महत्व और पर्यटन के क्षेत्र में नई उड़ान देने की दिशा में यह कदम एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

 

 

Leave a Reply