Monday, February 2

Union Budget 2026: नोएडा और यमुना सिटी को मिलेगा विकास का बूस्ट, ये चार सेक्टर करेंगे कमाल

 

This slideshow requires JavaScript.

 

केंद्र सरकार के Union Budget 2026 में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी क्षेत्र के विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएँ की गई हैं। बजट में बेहतर कनेक्टिविटी, उद्योग और हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे इस क्षेत्र की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है। खासतौर पर हाई-स्पीड रेल, एमएसएमई, फार्मा और सेमीकंडक्टर ये चार सेक्टर आने वाले समय में क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।

 

दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल का सीधा फायदा

बजट में दिल्ली से वाराणसी तक हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी इस परियोजना से सीधे लाभान्वित होंगे। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर के पास इसका पहला स्टेशन प्रस्तावित है। यह रेल लाइन नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे से होते हुए वाराणसी तक जाएगी। हाई-स्पीड रेल से यात्रा का समय कम होगा, जिससे रियल एस्टेट, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। यमुना सिटी आने वाले समय में एक बड़े ट्रांसपोर्ट हब के रूप में उभर सकती है।

 

एमएसएमई और वस्त्र उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

बजट में एमएसएमई और वस्त्र उद्योग पर विशेष फोकस दिया गया है। यमुना सिटी में विकसित हो रहे एमएसएमई और अपैरल क्लस्टर को इससे बड़ा लाभ मिलेगा। सरकार की योजनाओं के तहत सस्ते लोन, तकनीकी सुधार और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। इससे छोटे और मध्यम उद्योग यहां अपनी यूनिट लगाने के लिए आगे आएंगे। अपैरल क्लस्टर के विकसित होने से स्थानीय युवाओं, खासकर महिलाओं के लिए रोजगार के नए मौके बनेंगे।

 

मेडिकल डिवाइस पार्क को मिलेगा बूस्ट

फार्मा सेक्टर के लिए बजट में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की गई है। इसका सीधा असर यमुना सिटी में बन रहे मेडिकल डिवाइस पार्क पर पड़ेगा। फंड मिलने से सड़क, बिजली, पानी और कॉमन फैसिलिटी सेंटर जैसी सुविधाएं तेजी से तैयार होंगी। इससे मेडिकल उपकरण बनाने वाली कंपनियां निवेश करेंगी, स्थानीय रोजगार बढ़ेंगे और स्टार्टअप्स को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

 

नोएडा और यमुना सिटी बनेंगे टेक्नोलॉजी हब

सेमीकंडक्टर नीति 2.0 से नोएडा और यमुना सिटी उत्तर भारत के पहले सेमीकंडक्टर प्लांट के लिए तैयार हो रहे हैं। यह प्लांट एचसीएल और फॉक्सकॉन के सहयोग से 46 एकड़ में स्थापित होगा। इससे हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा, सप्लायर कंपनियों और रिसर्च सेंटर की स्थापना और कुशल युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। सरकार की सब्सिडी और सुविधाओं से इस परियोजना को और तेजी मिलने की संभावना है।

 

बजट 2026 के इन प्रस्तावों से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी न केवल विकास की नई ऊँचाई छुएंगे बल्कि क्षेत्र में निवेश और रोजगार के अवसरों का भी बड़ा विस्तार होगा।

 

 

Leave a Reply