Friday, June 12

This slideshow requires JavaScript.

‘धुरंधर’ के गीत ‘फासला’ ने रचा इतिहास, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाला पहला अरबी गाना रैपर फ्लिपराची ने हिंदी दर्शकों को दिया सफलता का श्रेय

 

This slideshow requires JavaScript.

 

मुंबई। बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता दर्ज कर चुकी फिल्म ‘धुरंधर’ ने अब संगीत की दुनिया में भी नया कीर्तिमान स्थापित किया है। फिल्म में शामिल अरबी गीत ‘फासला’ (Fa9la) ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। यह गीत अरब देशों के बिलबोर्ड चार्ट पर सबसे अधिक बार नंबर-1 स्थान हासिल करने वाला पहला गाना बन गया है। इस उपलब्धि के साथ ही बहरीन के मशहूर रैपर फ्लिपराची अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में आ गए हैं।

 

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि ‘फासला’ ने अरबिया बिलबोर्ड चार्ट्स में सर्वाधिक बार शीर्ष स्थान हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया है। खास बात यह है कि अरबी भाषा में होने के बावजूद इस गीत को भारत, विशेषकर हिंदी दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता मिली।

 

फ्लिपराची ने जताया आभार

 

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए फ्लिपराची ने एक वीडियो संदेश में कहा,

“गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड—हबीबी! यह मेरे लिए अविश्वसनीय अनुभव है। यह गाना ऐसी भाषा में हिट हुआ, जिसमें इसे गाया ही नहीं गया था। हिंदी दर्शकों ने इसे दिल से अपनाया और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत बनी।”

उन्होंने कहा कि एक ही गीत का एक साथ चार बिलबोर्ड चार्ट्स में शीर्ष पर पहुंचना उनके करियर का सबसे रोमांचक क्षण है।

 

सोशल मीडिया से चार्ट्स तक

 

‘फासला’ गीत फिल्म के उस दृश्य में इस्तेमाल किया गया है, जहां अक्षय खन्ना का किरदार हथियारों के सौदे के सिलसिले में बलूच क्षेत्र में प्रवेश करता है। गीत की बीट और अरबी रैप ने दर्शकों को तुरंत आकर्षित किया और यह गाना सिनेमाघरों से निकलकर सोशल मीडिया तक छा गया।

रील्स, डांस वीडियो, एडिट्स और मीम्स के जरिए ‘फासला’ फिल्म का सबसे चर्चित म्यूजिक ट्रैक बन गया।

 

कौन हैं फ्लिपराची

 

फ्लिपराची का असली नाम हुसाम असीम है। 36 वर्षीय यह कलाकार बहरीन की राजधानी मनामा में जन्मे हैं और पिछले एक दशक से अरबी हिप-हॉप संगीत में सक्रिय हैं। उनका पहला एल्बम ‘स्ट्रेट आउट ऑफ 2सीज’ (2013) काफी चर्चा में रहा। निजी जीवन में वे एक पारिवारिक व्यक्ति हैं और पत्नी नजवा व अपने बेटे के साथ रहते हैं।

 

‘धुरंधर 2’ को लेकर संकेत

 

फ्लिपराची ने हाल ही में संकेत दिए हैं कि वे ‘धुरंधर 2’ में भी नजर आ सकते हैं। हालांकि, उन्होंने इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की और इसे दर्शकों के लिए सरप्राइज बताया।

 

बॉक्स ऑफिस पर भी ‘धुरंधर’ का दबदबा

 

आदित्य धर के निर्देशन में बनी पीरियड स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 836.1 करोड़ रुपये की कमाई की है, जबकि इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन लगभग 1301.8 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। 30 जनवरी को फिल्म नेटफ्लिक्स पर भी रिलीज हो चुकी है।

 

 

Leave a Reply